बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का दबदबा कायम है। फिल्म की धुआंधार कमाई और शानदार क्रिटिक्स रिव्यू के बीच अब बॉलीवुड की 'क्वीन' कंगना रनौत ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हमेशा अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाने वाली कंगना ने फिल्म देखने के बाद निर्देशक आदित्य धर की जमकर तारीफ की है और उन्हें इस फिल्म का "असली सुपरस्टार" बताया है।
एक 'सुपरस्टार फिल्ममेकर' का उदय
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने लिखा कि 'धुरंधर 2' की सफलता की सबसे अच्छी बात यह है कि इसने आदित्य धर को एक 'सुपरस्टार डायरेक्टर' के रूप में स्थापित कर दिया है। कंगना ने हॉलीवुड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां स्टीवन स्पीलबर्ग, क्वेंटिन टैरेंटिनो और क्रिस्टोफर नोलन जैसे निर्देशक वहां के बड़े-बड़े अभिनेताओं से भी ज्यादा लोकप्रिय और सम्मानित हैं। कंगना का मानना है कि भारत में निर्देशकों को वह श्रेय और सम्मान कभी नहीं मिला जिसके वे हकदार हैं।
अपने पोस्ट में कंगना ने फिल्म इंडस्ट्री के एक कड़वे सच की ओर भी इशारा किया। उन्होंने लिखा, "हमारे देश में फिल्ममेकर्स को उतना क्रेडिट नहीं दिया जाता। वे कम पैसों में जरूरत से ज्यादा काम करते हैं और अक्सर सुपरस्टार्स द्वारा उन्हें बुली (दबाया) किया जाता है।" कंगना ने अफसोस जताते हुए कहा कि आज हर युवा सिर्फ एक्टर बनना चाहता है क्योंकि तकनीशियनों और निर्देशकों को वह पहचान नहीं मिलती। लेकिन आदित्य धर की सफलता को देखकर अब युवा फिल्ममेकिंग और सिनेमैटोग्राफी जैसे क्षेत्रों में आने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने आदित्य को सलाम करते हुए कहा कि यहाँ एक ऐसा फिल्ममेकर है जो किसी भी हीरो से ज्यादा चमक रहा है।
बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर 2' का जलवा
फिल्म की कमाई की बात करें तो 'धुरंधर: द रिवेंज' रुकने का नाम नहीं ले रही है। फिल्म ने भारत में ₹226.27 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि वर्ल्डवाइड इसका आंकड़ा ₹333 करोड़ के पार पहुंच चुका है।
कंगना ने जहां आदित्य धर की तारीफों के पुल बांधे, वहीं गौर करने वाली बात यह रही कि उन्होंने अपने पूरे पोस्ट में फिल्म के मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह, आर. माधवन या संजय दत्त में से किसी भी एक्टर का नाम नहीं लिया। कंगना से पहले साउथ के दिग्गज सितारों जैसे एस.एस. राजामौली, अल्लू अर्जुन और जूनियर एनटीआर ने भी फिल्म की सराहना की है।