‘द केरल स्टोरी 2’ इन दिनों सिनेमाघरों से लेकर सोशल मीडिया तक लगातार चर्चा में बनी हुई है। रिलीज से पहले फिल्म को कई तरह की चुनौतियों और कानूनी अड़चनों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते इसकी रिलीज पर अनिश्चितता के बादल छा गए थे। हालांकि, तमाम विवादों और बहसों के बीच आखिरकार फिल्म ने पिछले शुक्रवार बड़े पर्दे पर दस्तक दे ही दी। रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जिज्ञासा और उत्सुकता देखने को मिली।
एक ओर जहां विवादों ने इसे सुर्खियों में बनाए रखा, वहीं दूसरी तरफ इसी चर्चा ने फिल्म को शुरुआती बढ़त दिलाने में भी भूमिका निभाई। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी रेस तय कर पाती है।
वीकडे में भी बरकरार रफ्तार
ओपनिंग वीकेंड में ठीकठाक प्रदर्शन करने के बाद फिल्म ने वर्किंग डे में भी उम्मीद से बेहतर कमाई की है। खास बात यह है कि होली से ठीक पहले फिल्म के कलेक्शन में हल्का उछाल देखने को मिला है। दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिलने के बावजूद फिल्म की कमाई का सिलसिला थमा नहीं है।
पांचवें दिन की कमाई ने बदला गेम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के पांचवें दिन यानी मंगलवार को फिल्म ने करीब 3 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वर्किंग डे के हिसाब से यह आंकड़ा अच्छा माना जा रहा है। इस कमाई ने यह संकेत दे दिया है कि फिल्म धीरे-धीरे मजबूत पकड़ बना रही है।
कुल नेट कलेक्शन – 15.65 करोड़ रुपये
पांच दिनों में 15 करोड़ से ज्यादा की कमाई के साथ फिल्म अब 20 करोड़ के आंकड़े की ओर बढ़ रही है। माना जा रहा है कि आने वाले वीकेंड तक ये फिल्म नया मुकाम हासिल कर सकती है। विवादों के साए में रिलीज हुई यह फिल्म फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश करती नजर आ रही है।