भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री से मंगलवार 27 जनवरी को एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर आई। मशहूर प्लेबैक सिंगर और सॉन्गराइटर अरिजीत सिंह ने अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस को बताया कि वह अब फिल्मों के लिए प्लेबैक सिंगिंग नहीं करेंगे। अरिजीत ने साफ किया कि वह म्यूजिक से दूर नहीं जा रहे हैं और आगे भी गाने व संगीत बनाते रहेंगे। वहीं अरिजीत की रिटायरमेंट की खबर सुन फैंस समेत कई दिग्गज हैरान थे। वहीं इस चौंकाने वाली घोषणा के बाद अब सिंगर उदित नारायण ने भी इस फैसले पर अपना रिएक्शन दिया है।
अरिजीत को लेकर उदित ने क्या कहा
SCREEN से बातचीत में उदित नारायण ने कहा, “अरिजीत ने बहुत कम समय में शानदार काम किया है। अवॉर्ड्स, पहचान, शोहरत, पैसा और स्टेज पर मिलने वाली तारीफ, उन्होंने सब कुछ अपने पीक पर देखा है। ये पूरी तरह उनका फैसला है कि वह रिटायर होना चाहते हैं या नहीं, लेकिन वह म्यूजिक से दूर नहीं होंगे। ये उनकी अपनी पसंद है, लेकिन उनका काम लोगों के दिलों में बसा है और हमेशा रहेगा।” इस बीच अरिजीत सिंह के भविष्य के प्रोजेक्ट्स को लेकर नई रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं।
क्यों लिया सिंगर ने रिटायरमेंट
हिंदुस्तान टाइम्स ने एक सोर्स के हवाले से बताया, “अरिजीत एक डायरेक्टर के तौर पर अपनी पहली फिल्म में बिजी रहने वाले हैं। वह लंबे समय से इसके लिए बहुत पैशनेट थे और इसके लिए उनके समय और मेहनत की जरूरत थी। इतने सारे ऑफर्स की वजह से इसके लिए समय नहीं निकाल पा रहे थे। वह अपने डायरेक्टर के काम पूरे करेंगे। ये लगभग एक साल के ब्रेक जैसा है।”
हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि प्लेबैक सिंगिंग से अरिजीत सिंह का रिटायरमेंट सिर्फ कुछ समय के लिए है, लेकिन सिंगर ने इन बातों पर कोई रिक्शन नहीं दिया है। इससे पहले उन्होंने अपने X अकाउंट पर बताया था कि उन्होंने अपने करियर के इतने ऊंचे दौर में यह फैसला क्यों लिया। अरिजीत ने साफ किया कि ये फैसला न तो अचानक लिया गया था और न ही किसी एक घटना की वजह से। उन्होंने लिखा, “इसके पीछे सिर्फ एक कारण नहीं है, बल्कि कई वजहें हैं और मैं काफी समय से इस पर सोच रहा था। अब जाकर मैंने यह कदम उठाने की हिम्मत जुटाई है।”
अपनी क्रिएटिव बेचैनी के बारे में बात करते हुए सिंगर ने कहा, “इसका एक कारण बहुत आसान है, मेरा इंटरेस्ट जल्दी खत्म हो जाता है। इसी वजह से मैं अपने गानों के अरेंजमेंट में बार-बार बदलाव करता हूं और उन्हें लाइव परफॉर्म करना पसंद करता हूं।” उन्होंने आगे कहा, “सच ये है कि मैं थक गया हूं। आगे बढ़ने के लिए मुझे अलग-अलग तरह के म्यूजिक को तलाशने की जरूरत है।” उन्होंने यह भी बताया कि वह इंडस्ट्री में नए टैलेंट के लिए जगह बनते देखना चाहते हैं।