रामायण का पहला भाग इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। बड़े बजट और शानदार स्टारकास्ट की वजह से ये प्रोजेक्ट लंबे समय से चर्चा में बना हुआ है। निर्देशक नितेश तिवारी की इस पौराणिक फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ये फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी। हाल ही में मूवीज सिंगापुर की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि, मेकर्स रावण के छोटे भाई विभीषण के किरदार के लिए साउथ के सुपरस्टार विजय सेतुपति से बातचीत कर रहे हैं। वहीं हाल ही में विजय सेतुपति ने इन खबरों पर अपना रिएक्शन दिया है। विजय सेतुपति ने खुद सामने आकर इन अफवाहों को गलत बताया है और कहा कि वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, "विजय सेतुपति ने फिल्म रामायण में अपनी कास्टिंग की खबरों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं हैं और उन्हें भी समझ नहीं आ रहा कि ऐसी अफवाहें कहां से फैल रही हैं। विजय सेतुपति इन झूठी खबरों से हैरान नजर आए और साफ शब्दों में कहा, “नहीं सर, मैं इस फिल्म में काम नहीं कर रहा हूं। मुझे नहीं पता ये बातें कहां से आ रही हैं।”
कब रिलीज होगा दूसरा पार्ट
वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, राघव जुयाल को रामायण में रावण के बड़े बेटे और लंका के युवराज मेघनाद की भूमिका के लिए चुना गया है। बताया जा रहा है कि उनका किरदार फिल्म के दूसरे भाग में नजर आएगा। ये फिल्म नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही है और फिल्म का पहला भाग इस दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा। इस फिल्म को नमित मल्होत्रा की कंपनी प्राइम फोकस स्टूडियोज ने यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है।
रामायण में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं और साई पल्लवी माता सीता के रोल में नजर आएंगी। यश इस फिल्म में रावण बने हैं। सनी देओल हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में दिखाई देंगे। इसके अलावा काजल अग्रवाल मंदोदरी और रकुल प्रीत सिंह सूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में अरुण गोविल, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, शीबा चड्ढा और इंदिरा कृष्णन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।