दिग्गज संगीतकार एआर रहमान हाल ही में अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में है। इंडस्ट्री में कम्युनल भेदभाव को लेकर दिए गए बयान के बाद एआर रहमान को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। रहमान का ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। उनके इस कमेंट पर फिल्ममेकर्स और सिंगर्स समेत कई लोग अपनी राय रख चुके हैं। बाद में रहमान ने एक वीडियो जारी कर अपने बयान पर सफाई भी दी है। वहीं इस मामले पर वेटरन एक्ट्रेस वहीदा रहमान ने भी खुलकर बात की है और इंडस्ट्री में चल रही बहस पर अपना पक्ष रखा है।
वेटरन एक्ट्रेस ने दिया रिएक्शन
रहमान के बयान पर रिएक्शन देते हुए वहीदा रहमान ने Screen से बात करते हुए कहा, “हां, मैंने इसके बारे में पढ़ा है, लेकिन मैं इसमें ज्यादा उलझना नहीं चाहती। जब सब कुछ ठीक चल रहा हो, तो मैं ऐसी बातों पर ध्यान देना पसंद नहीं करती। ऐसी छोटी-छोटी बातें हर देश में होती रहती हैं।” वहीदा ने आगे कहा, “किस पर भरोसा करें और कितना भरोसा करें, ये समझना मुश्किल होता है। यह बात सच है या नहीं, इसमें पड़ने की जरूरत भी क्या है? मेरी उम्र में मैं किसी तरह के विवाद में नहीं पड़ना चाहती। शांति से रहो, ये मुल्क हमारा है, बस खुश रहो, बस इतना ही मैं कह सकती हूं।”
काम में उतार-चढ़ाव आता रहता है
एक्ट्रेस ने आगे कहा कहा कि हो सकता है म्यूजिक कंपोजर को इस समय ज्यादा काम न मिल रहा हो, इसी वजह से ऐसा बयान आया हो। वहीदा के मुताबिक, काम में उतार-चढ़ाव आता रहता है और एक उम्र के बाद लोगों को नए चेहरों को मौका देने की बात होने लगती है, जिसकी वजह से कुछ लोग पीछे रह जाते हैं। वहीदा रहमान आगे कहा, “अगर कोई बहुत ऊंचाई तक पहुंच भी जाए, तो जरूरी नहीं कि वह हमेशा वहीं बना रहे। जिंदगी और काम में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, इसमें कुछ भी नया नहीं है।”
BBC एशियन नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में किए गए अपने बयान को लेकर एआर रहमान को सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। ऑस्कर जीत चुके म्यूजिक कंपोजर ने कहा, “आज फैसले ऐसे लोगों के हाथ में हैं जो क्रिएटिव नहीं हैं। यह बात कम्युनल भी हो सकती थी, लेकिन मेरे सामने ऐसा नहीं हुआ। कई बार ऐसा लगता है जैसे पीछे से बातें चल रही हों। पहले मुझे बस अफवाहों के जरिए पता चलता है कि मुझे बुक किया गया था। फिर म्यूजिक कंपनी आगे बढ़कर किसी और पांच कंपोजर्स को रख लेती है। तब मैंने सोचा, कोई बात नहीं, मेरे लिए अच्छा ही है। मैं आराम कर सकता हूं और अपने परिवार के साथ समय बिता सकता हूं।” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया यूजर्स और फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोगों ने इस पर तीखी रिएक्शन दिया हैं।
कम्युनल भेदभाव वाली बात पर आलोचना होने के बाद रहमान ने एक वीडियो मैसेज जारी कर अपनी बात साफ की। उन्होंने कहा कि कई बार इरादों को गलत समझ लिया जाता है, लेकिन उनका मकसद हमेशा संगीत के जरिए लोगों को जोड़ना, सम्मान देना और सेवा करना रहा है। रहमान ने कहा, मैं भारतीय होने पर खुद को खुशकिस्मत महसूस करता हूं, क्योंकि ये देश बोलने की आजादी देता है और अलग-अलग संस्कृतियों और आवाजों का सम्मान करता है।"