एक्ट्रेस और मॉडल शेफाली जरीवाला की 27 जून को अचानक हुई मौत से पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री और उनके फैंस सदमे में हैं। बताया जाता है कि उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनके पति उन्हें तुरंत बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी क्लिनिक ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और उनके निधन की खबर ऑनलाइन फैल गई, जिसके बाद श्रद्धांजलि के साथा सवालों और अटकलों का दौर भी शुरू हो गया। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब चर्चा में है, जिसे कंटेंट क्रिएटर निखिल सैनी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।
क्लिप में वे यह बता रहे हैं कि किस तरह मेडिकल इमरजेंसी, खासकर हृदय से जुड़ी आपातकालीन स्थितियों में समय पर और सही कदम उठाने से किसी की जिंदगी बचाई जा सकता है। इस वीडियो में निखिल में 'RAM Kit' के नाम से जानी जाने वाली एक बेसिक मेडिकल किट का जिक्र करते हैं।
इस किट बारे में उनका कहना है कि इसका इस्तेमाल तब किया जा सकता है, जब किसी व्यक्ति को अस्पताल पहुंचने से पहले दिल का दौरा पड़ने या सीने में गंभीर तकलीफ के लक्षण महसूस होते हैं।
वीडियो में सैनी कहते हैं कि यह किट उत्तर प्रदेश के कानपुर में लक्ष्मीपत सिंघानिया इंस्टीट्यूट के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज कुमार ने तैयार की है। उनके अनुसार, इस किट की कीमत सिर्फ 7 रुपए है और इसमें तीन दवाइयां हैं: सॉर्बिट्रेट (Sorbitrate), जिसे जीभ के नीचे रखना है, कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने के लिए रोसुवास्टेटिन (Rosuvastatin) और इकोस्प्रिन (Ecosprin) की दो गोलियां। वह बताते हैं कि कैसे इन गोलियों का इस्तेमाल इमरजेंसी में शुरुआती राहत के लिए किया जा सकता है।
निखिल ने वीडियो में कहा, "अगर किसी व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ता है या लंबे समय तक सीने में दर्द रहता है, तो उस स्थिति में यह 'राम किट' दी जाती है, फिर यह मरीज के अस्पताल पहुंचने तक स्थिति को नियंत्रित करती है।" उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा: "₹7 की 3 गोली हर घर में होनी चाहिए।"
वीडियो को दो लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और इसने एक ऑनलाइन बहस भी छेड़ दी है। कमेंट सेक्शन में कई व्यूअर्स ने बताया कि शेफाली को हार्ट अटैक नहीं बल्कि कार्डियक अरेस्ट हुआ था।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वीडियो में बताई गई दवाएं ऐसे मामले में प्रभावी होंगी। एक यूजर ने कहा, "उसे हार्ट अटैक नहीं बल्कि कार्डियक अरेस्ट हुआ था, दोनों में अंतर है।"
एक और यूजर ने कहा, "कृपया लोगों को गलत बातें न बताएं क्योंकि हर कोई सोचता है कि इंस्टाग्राम सीखने के लिए सबसे अच्छी जगह है। कृपया हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट में बुनियादी अंतर साफ करें।"
किसी ने कहा, "उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से नहीं हुई। ऐसे कई फैक्टर हैं, जिन्होंने उनकी हेल्थ पर सीधा असर डाला।"
शेफाली जरीवाला (Shefali Jariwala) 2000 के दशक की शुरुआत में भारतीय घरों में एक जाना-पहचाना चेहरा बन गईं, जब उन्होंने रीमिक्स म्यूजिक वीडियो कांटा लगा में अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे उन्हें तुरंत प्रसिद्धि मिली और उन्हें लोग 'कांटा लगा गर्ल' के नाम से जानने लगे।
बाद में वह सलमान खान के साथ बॉलीवुड फिल्म मुझसे शादी करोगी में नजर आईं। पिछले कुछ सालों में, उन्होंने अपना रुख टेलीविजन की तरफ कर लिया, जहां उन्होंने अपने पति के साथ डांस रियलिटी शो नच बलिए में हिस्सा लिया और बाद में बिग बॉस 13 में भाग लिया।