हर साल जब बिग बॉस शुरू होता है, तो ऐसा लगता है जैसे टीवी पर एक अलग ही दुनिया बस जाती है जहां हर भावना, हर चाल, और हर रिश्ता कैमरे के सामने खुलकर खेला जाता है। बिग बॉस 19 का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए इस बार शो बिल्कुल नया पैटर्न लेकर आ रहा है। इस बार सीजन 19 में ये दुनिया और भी दिलचस्प बनने वाली है। इस शो का ग्रैंड प्रीमियर 24 अगस्त को जियोसिनेमा पर रात 9 बजे होगा। अगर टीवी की बात करें तो ये कलर्स चैनल पर स्ट्रीम होगा। इस बार शो की थीम है घरवालों की सरकार यानी अब फैसला बिग बॉस नहीं बल्कि घरवाले खुद लेंगे। हर निर्णय –जैसे नॉमिनेशन, एविक्शन, या टास्क की जिम्मेदारियां कंटेस्टेंट्स आपसी बातचीत और रणनीति से तय करेंगे। इससे शो में राजनीति, एलायंस और पावर प्ले और भी तीखा और रोमांचक होने वाला है।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस बार बिग बॉस के घर में इंसान ही नहीं, बल्कि AI कंटेस्टेंट्स की भी एंट्री हो सकती है। जानकारी के मुताबिक UAE की AI डॉल हबूबू और भारत की पहली वर्चुअल पर्सनैलिटी काव्या मेहरा इस सीजन में शामिल हो सकती हैं। काव्या मेहरा एक वर्चुअल सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं, जो खुद को ट्रैवलर, मदर और मोटिवेटर के रूप में पेश करती हैं। अगर ये AI कंटेस्टेंट्स घर में आते हैं, तो ये बिग बॉस के इतिहास में तकनीक और मनोरंजन का अनोखा मेल होगा।
सलमान खान इस बार पहले तीन महीने शो को होस्ट करेंगे, जिसके बाद उनकी जगह पर करण जौहर, फराह खान या अनिल कपूर जैसे अन्य सेलेब्स की होस्टिंग देखने को मिल सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान को इस बार होस्टिंग के लिए 120 से 150 करोड़ रुपये तक की भारी-भरकम फीस दी जा रही है, जो उन्हें भारत के सबसे महंगे टीवी होस्ट्स में शामिल कर देती है।
बता दें कि कंटेस्टेंट्स की फाइनल लिस्ट अभी सामने नहीं आई है, लेकिन टीवी इंडस्ट्री, सोशल मीडिया और रियल लाइफ से कई चर्चित और विवादित चेहरे शो में दिखाई दे सकते हैं। इस बार बिग बॉस सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं, बल्कि एक सोशल एक्सपेरिमेंट जैसा होगा जहां टेक्नोलॉजी, सत्ता और इंसानी इमोशन्स की टक्कर देखने को मिलेगी। 24 अगस्त से शुरू हो रहे यह सीजन हर एपिसोड में एक नई चाल और नए रिश्तों की कहानी कहेगा।