अरिजीत सिंह ने आज प्लेबैक सिंगिंग से अचानक रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। अरिजीत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। अरिजीत ने फिल्मों के लिए प्लेबैक सिंगिंग से हटने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने ये भी साफ कर दिया है कि वह संगीत से दूर नहीं जा रहे हैं। अरिजीत ने बताया कि वह गाने और म्यूजिक बनाना जारी रखेंगे। सिंगर के रिटायरमेंट के ऐलान से फैंस को काफी झटका लगा है। अरिजीत के रिटायरमेंट लेने के ऐलान के बाद से सलमान खान से जुड़ा एक विवाद चर्चा में आ गया है। लगभग दस सालों से सलमान खान और अरिजीत सिंह के बीच का “झगड़ा” बॉलीवुड में चर्चा का विषय बना रहा, जिसे बार-बार दोहराया गया।
वहीं सलमान खान ने कुछ दिनों पहले बिग बॉस 19 में इस बारे में खुलकर बात की और साफ किया कि दोनों के बीच कोई लंबी दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक छोटी-सी गलतफहमी थी, जो समय के साथ बढ़ती चली गई।
यह पूरी कहानी 2014 के स्टार गिल्ड अवॉर्ड्स से शुरू हुई थी। उस समय अरिजीत सिंह ‘तुम ही हो’ की जबरदस्त सफलता के बाद लगातार परफॉर्म कर चुके थे और काफी थके हुए लग रहे थे। जब वह अवॉर्ड लेने स्टेज पर पहुंचे, तो होस्ट सलमान खान ने मजाक में उनसे पूछा, “सो गए थे?” इस पर अरिजीत ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “आप लोगों ने सुला दिया यार।” स्टेज पर यह बातचीत हल्की-फुल्की हंसी-मजाक जैसी लगी, लेकिन कहा जाता है कि पर्दे के पीछे ये बात ठीक से नहीं बैठी और यही छोटा सा पल आगे चलकर एक बड़ी कहानी की वजह बन गया।
इसके बाद अफवाहों ने बात को और बढ़ा दिया और उसमें और ड्रामा जुड़ता चला गया। कई सालों तक लोग यही मानते रहे कि अरिजीत ने सलमान को नाराज कर दिया है और इसका असर उनके गानों पर पड़ा। इसके बाद साल 2016 में ऐसा मोड़ आया, जिसने इस पूरी कहानी को सबके सामने ला दिया। अरिजीत सिंह ने सलमान खान के लिए एक लंबी माफी पोस्ट लिखी थी। उन्होंने साफ कहा कि उनका कभी अपमान करने का इरादा नहीं था और उन्होंने फिल्म सुल्तान गाने के अपने वर्जन को बनाए रखने की गुजारिश की।
अरिजीत ने अपने पोस्ट में लिखा, “मैंने कभी आपकी बेइज्जती नहीं की… मैंने कई बार माफी मांगने की कोशिश की। प्लीज सुल्तान के लिए मेरा गाया गाना मत हटाओ। मुझे अपनी लाइब्रेरी में उस गाने के साथ रिटायर होने दो।” बाद में इस पोस्ट डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल होने चुका था। इंटरनेट पर इसे एक सिंगर द्वारा सुपरस्टार से गुजारिश के रूप में देखा जा चुका था।
बिग बॉस 19 के वीकेंड का वार में सलमान खान ने इस पूरे मामले पर साफ बात रखी। उन्होंने कहा कि जो भी गलतफहमी हुई थी, वह उनकी तरफ़ से थी, अरिजीत सिंह की वजह से नहीं। सलमान ने यह भी बताया कि दोनों के बीच दोस्ती है और अरिजीत ने बाद में उनके लिए गाने भी गाए। सलमान खान ने बताया, “अरिजीत और मैं बहुत अच्छे दोस्त हैं… वो गलतफहमी मेरे साइड से हुई थी। उसके बाद उसने गाने भी किए मेरे लिए। टाइगर 3 में किया उसने, आगे गलवान…”
बता दें अरिजीत सिंह ने सलमान खान की आने वाली फिल्म बैटल ऑफ गलवान के लिए देशभक्ति गीत ‘मातृभूमि’ गाया है, जो हाल ही में रिलीज हुआ है। इस गाने को लोग एक इमोशनल और देशप्रेम से भरा एंथम मान रहे हैं, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स भी मिल रहा है।