Dengue: ये छोटे लक्षण न करें इग्नोर, हो सकता है डेंगू का शुरुआती संकेत
Hidden Signs Of Dengue: क्या आपने कभी सोचा है कि डेंगू के लक्षण सिर्फ बुखार तक सीमित नहीं होते, बल्कि पेट से जुड़ी समस्याओं के रूप में भी दिखाई दे सकते हैं? अगर नहीं, तो यह जानना जरूरी है कि इस सीजन में डॉक्टर के अनुसार किन संकेतों पर खास ध्यान देना चाहिए और क्यों सतर्क रहना महत्वपूर्ण है
Hidden Signs Of Dengue: डेंगू में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है।
डेंगू को लोग अक्सर सिर्फ तेज बुखार और शरीर दर्द वाली बीमारी मानते हैं, लेकिन अब इसके लक्षण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, कई मरीजों में डेंगू की शुरुआत पेट से जुड़ी समस्याओं से हो रही है। परेशानी की बात यह है कि लोग इन्हें सामान्य बदहजमी या वायरल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले सकती है। बदलते मौसम, बढ़ती गर्मी और मच्छरों के लंबे समय तक एक्टिव रहने के कारण डेंगू अब सिर्फ बारिश के मौसम तक सीमित नहीं रह गया है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर पेट से जुड़ी दिक्कतें लगातार बनी रहें, खासकर डेंगू के मौसम में, तो तुरंत जांच करवाना बेहद जरूरी है।
क्यों बदल रहे हैं डेंगू के लक्षण?
एक समय था जब डेंगू को सिर्फ बारिश के मौसम की बीमारी माना जाता था, लेकिन अब बदलते मौसम, बढ़ती गर्मी, गंदगी और मच्छरों के लंबे समय तक एक्टिव रहने के कारण इसका खतरा पूरे साल बढ़ने लगा है। डॉक्टरों के मुताबिक, अब डेंगू वायरस शरीर के कई अंगों पर असर डाल रहा है, खासकर पेट, लिवर और आंतों पर।
पेट से जुड़ी परेशानियां बन रहीं शुरुआती चेतावनी
डॉक्टरों का कहना है कि अब कई मरीज शुरुआत में पेट से जुड़ी शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें मतली, उल्टी, पेट फूलना, भूख कम लगना, खाना न पचना और पेट दर्द जैसी समस्याएं शामिल हैं। ये लक्षण इतने सामान्य लगते हैं कि लोग इन्हें अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
डेंगू में दिखने वाले आम पेट संबंधी लक्षण
बार-बार मतली या उल्टी
पेट में भारीपन या सूजन
भूख कम लगना
पानी या खाना न पचना
पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द
कमजोरी और बेचैनी
पेट दर्द को हल्के में लेना पड़ सकता है भारी
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि लगातार पेट दर्द डेंगू के गंभीर रूप का संकेत हो सकता है। कई मामलों में शरीर की रक्त वाहिकाओं से तरल पदार्थ बाहर निकलने लगता है, जिसे “प्लाज्मा लीकेज” कहा जाता है। इससे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बिगड़ सकता है और मरीज की हालत तेजी से खराब हो सकती है।
अगर समय पर इलाज न मिले तो सांस लेने में दिक्कत, ब्लड प्रेशर गिरना, पेट या सीने में पानी भरना और शॉक जैसी स्थिति भी बन सकती है।
बार-बार उल्टी क्यों है खतरे की घंटी?
डॉक्टरों के अनुसार, लगातार उल्टी होने से शरीर तेजी से डिहाइड्रेट होने लगता है। शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी किडनी और दूसरे अंगों को प्रभावित कर सकती है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और डायबिटीज या लिवर की बीमारी से जूझ रहे लोगों में खतरा ज्यादा बढ़ जाता है।
लिवर पर भी हमला कर सकता है डेंगू
डेंगू सिर्फ प्लेटलेट्स कम करने वाली बीमारी नहीं है। ये लिवर पर भी असर डाल सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक, वायरस के कारण लिवर में सूजन आ सकती है, जिससे मरीज को ज्यादा थकान, मतली, पेट दर्द और कमजोरी महसूस हो सकती है।
इन संकेतों को भूलकर भी नजरअंदाज न करें
अगर डेंगू के मौसम में ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी माना जाता है—
लगातार पेट दर्द
दिन में कई बार उल्टी
मसूड़ों या नाक से खून आना
काले रंग का मल
चक्कर या बेहोशी
पेशाब कम होना
सांस लेने में परेशानी
बहुत ज्यादा कमजोरी
खुद से दवा लेना क्यों हो सकता है खतरनाक?
कई लोग बुखार या दर्द होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द निवारक दवाएं खा लेते हैं। लेकिन डेंगू में कुछ दवाएं खून बहने का खतरा बढ़ा सकती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बिना सलाह के आइबुप्रोफेन, डाइक्लोफेनाक या एस्पिरिन जैसी दवाएं लेने से बचना चाहिए।
पानी की कमी न होने दें
डेंगू में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है। नारियल पानी, ORS, सूप और पर्याप्त पानी शरीर को संभालने में मदद कर सकते हैं। लेकिन अगर मरीज बार-बार उल्टी कर रहा हो या कमजोरी ज्यादा हो, तो अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ सकती है।
बचाव ही सबसे बड़ा हथियार
डेंगू से बचने के लिए डॉक्टर कुछ आसान उपाय अपनाने की सलाह देते हैं—
घर के आसपास पानी जमा न होने दें
कूलर और नालियों की नियमित सफाई करें
मच्छर भगाने वाली क्रीम या स्प्रे का इस्तेमाल करें
पूरे बाजू के कपड़े पहनें
पानी की टंकियों को ढककर रखें
लक्षण दिखते ही तुरंत जांच कराए कमजोरी महसूस हो रही है, तो इसे सिर्फ गैस या बदहजमी समझकर नजरअंदाज करना खतरनाक साबित हो सकता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य सुझावों पर आधारित है। इसे किसी योग्य चिकित्सा राय का विकल्प न मानें। किसी भी नए व्यायाम को शुरू करने से पहले विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह जरूर लें।