बच्चों का मूडी होना, खाना खाने में नखरे करना सामान्य सी बात है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि उसके इस बर्ताव के पीछे एक ऐसा कारण छिपा हो सकता है, जो उसके पूरे जीवन पर असर डाल सकता है? नहीं न। आजकल बाल रोग विशेषज्ञ यानी चाइल्ड स्पेशलिस्ट बच्चों के इस बर्ताव को नजरअंदाज न करने की सलाह देते हैं। इनका मानना है कि बच्चे का हर समय का ऐसा व्यवहार उसकी पेट की समस्या का संकेत हो सकता है। हाल के वर्षों में, विज्ञान ने आंत और मस्तिष्क के बीच गहरे संबंध का पता लगाया है। यह आंत-मस्तिष्क अक्ष के माध्यम से जुड़ा हुआ है। यह एक दो-तरफा कम्युनिकेशन सिस्टम है जहां एक की सेहत दूसरे अंग पर सीधे तौर से असर डाल सकती है।