भारी बारिश और कई भूस्खलनों के कारण चंडीगढ़-कुल्लू हाईवे पर 50 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है, जिससे दिल्ली-NCR जाने वाले फलों और सब्जियों से लदे सैकड़ों ट्रकों सहित हजारों वाहन फंस गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़-मनाली हाईवे कई जगहों पर ब्लॉक हो गया है, जिससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और जरूरी चीजों और सामान की आवाजाही में भी रुकावट हो रही है।
NDTV के मुताबिक, हाईवे पर फंसे ट्रक ड्राइवरों ने बताया कि करोड़ों रुपए की कीमत के सेब, टमाटर और दूसरी सब्जियों की खेप सड़ रही है। हर एक ट्रक की कीमत लगभग 4-4.5 लाख रुपए है, और अनुमान है कि अकेले 50 करोड़ से ज्यादा कीमत के सेब ही फंसे हुए हैं।
रिपोर्ट में ट्रक चालक गफ्फार ने बताया कि उसके सेब साहिबाबाद फल मंडी पहुंचने वाले थे, लेकिन वह पांच दिनों से कुल्लू में फंसा हुआ है। उन्होंने कहा कि आजादपुर और साहिबाबाद मंडियों की ओर जाने वाले हजारों ट्रक फंस गए हैं।
छोटे वाहनों के लिए हाईवे खोल दिया गया है, लेकिन ट्रक अभी भी फंसे हुए हैं। मंडी और कुल्लू के बीच आधा दर्जन जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे निकासी अभियान में देरी हो रही है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), कुल्लू-मनाली के इंजीनियर अशोक चौहान ने कहा कि ब्यास नदी के तेज बहाव से हाईव के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनकी मरम्मत का काम चल रहा है।
स्थानीय निवासी जय भाल ने बताया कि कुल्लू में रामशिला के पास के घरों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने अधिकारियों से मरम्मत के लिए कदम उठाने का आग्रह किया, नहीं तो आने वाले मानसून में इस इलाके को भारी नुकसान हो सकता है।
मनाली के SDM रमन शर्मा ने बताया कि मनाली का एक तरफ से सम्पर्क टूट गया है। सोमवार से अब तक चार दुकानें, दो रेस्टोरेंट और एक घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। बुधवार को बिलासपुर जिले के नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के मंझेड़ गांव में भारी बारिश के बाद एक मकान ढह गया।
मंगलवार शाम से हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है, जिससे व्यापक जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सैकड़ों सड़कें ब्लॉक हैं, जिनमें मंडी और कुल्लू सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, जबकि बिजली और पानी की सप्वाई लाइनें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
20 जून से अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 158 लोगों की मौत हो चुकी है, 38 लोग लापता हैं और 2,623 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।