Ghaziabad Fire Incident: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके के अभय खंड में स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी के एक फ्लैट में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे वहां रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। लोग अपने फ्लैट से बाहर भागने लगे। वहीं, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियां तैनात की गई। लेकिन आग की लपटें इतनी भयानक थी कि पानी की बौछारें भी उसे समय रहते काबू नहीं कर सकीं।
यह आग 8वीं-9वीं मंजिल पर लगी थी और तेज हवा के कारण तेजी से टावर के बाकी ऊपरी फ्लैटों को अपने चपेट में ले लिया। इन इमारतों में फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन और अन्य कीमती सामान खाक में मिल गया। हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
खबरों के मुताबिक, सुबह 8 बजे आग तब लगी, जब एसी का कंप्रेसर अचानक फट गया। लोगों ने खुद पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे तो फिर टावर के अपने फ्लैट छोड़कर भागने लगे। आस पड़ोस के फ्लैटों से पानी की तेज धार से आग को बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन एक-डेढ़ घंटे बाद भी आग की ऊंची लपटों को काबू में नहीं किया जा सका।
सोसाइटी के रहने वाले रोहित ने बताया, “आग में करीब 6-7 फ्लैट जलकर खाक हो गए हैं। शायद बिजली की कोई समस्या थी। मुझे पूरी जानकारी नहीं है।”
वहीं, अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पानी की कोशिश की जा रही है। आसपास के इमारतों को खाली करा लिया गया है। फिलहाल, अभी तक किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
बता दें कि यह घटना घनी आबादी वाले इंदिरापुरम इलाके में हुई, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है और आपातकालीन टीमें स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए काम कर रही हैं।