Delhi Fire: रोहिणी की झुग्गियों में लगी भीषण आग, पति-पत्नी और मासूम बेटी की दर्दनाक मौत

Delhi Fire: दिल्ली के रोहिणी में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तड़के बुध विहार इलाके की झुग्गियों में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

अपडेटेड Apr 15, 2026 पर 9:12 AM
दिल्ली के रोहिणी इलाके में झुग्गियों में लगी आग

Delhi Fire: दिल्ली के रोहिणी में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तड़के बुध विहार इलाके की झुग्गियों में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। मृतकों में पति, पत्नी और उनकी करीब दो साल की मासूम बेटी शामिल है। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

देर रात लगी आग, सुबह तक चला रेस्क्यू

दमकल विभाग के मुताबिक, आग करीब 1:25 बजे बुद्ध विहार इलाके में लगी। सूचना मिलते ही छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक तीनों की जान जा चुकी थी।


अधिकारियों ने बताया कि, आग 400 वर्ग गज के उस प्लॉट में लगी जहां प्लास्टिक का कबाड़ जमा था और कई झुग्गियां बनी हुई थीं। इलाके की संकरी गलियों के कारण बड़ी दमकल गाड़ियां घटनास्थल तक मौके से नहीं पहुंच सकीं।

फायर विभाग ने तीनों शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, सीएटीएस (एम्बुलेंस सेवा) और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद थे। वहां राहत और बचाव का काम चलाया गया।

किसी के घायल होने की खबर नहीं

ANI से बात करते हुए दमकल विभाग के अधिकारी अजय शर्मा ने बताया, "बुध विहार में एक ऐसे प्लॉट में आग लग गई, जहां झुग्गियां बनी हुई थीं और कबाड़ जमा किया जाता था। आग रात करीब 1:25 बजे लगी और छह दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इस हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है..."

शर्मा ने आग बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रण में है और राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रशासन की ओर से इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की कोई घटना न हो सके।

यह भी पढ़ें: Odisha News: ओडिशा में मिड-डे मील खाने से 1 छात्र की मौत! 100 से अधिक अस्पताल में भर्ती, सीएम ने दिए जांच के आदेश

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।