IMD Mausam Update: देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब देश के बाकी हिस्सों से भी पूरी तरह विदा होने की अंतिम प्रक्रिया में है। इसी के साथ देश के दक्षिणी प्रायद्वीप में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू होने के लिए पूरी तरह अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के मध्य क्षोभमंडल तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के असर से 13 अक्टूबर के आसपास उसी क्षेत्र में एक नया कम दबाव का क्षेत्र आकार लेने जा रहा है। इसके साथ ही दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून के आगमन के चलते अगले 5 से 6 दिनों तक भारी वर्षा का लंबा दौर देखने को मिलेगा।
