'CBI-ED थोपकर तमाशा कर रहे हैं', बंगाल चुनाव से पहले अभिषेक बनर्जी का BJP पर बड़ा हमला

भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बंगाल में कौन किसे जेल भेजेगा, यह चुनाव के दिन साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी और अमित शाह की सारी साजिशें नाकाम होंगी

अपडेटेड Jan 09, 2026 पर 7:15 PM
Story continues below Advertisement
पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है।

पश्चिम बंगाल में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहले से ही इस मुद्दे को लेकर BJP और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखे हमले कर रहीं हैं। वहीं, अब TMC के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। शुक्रवार को उन्होंने नादिया जिले के ताहेरपुर में एक जनसभा से BJP पर जोरदार हमला बोला और साफ संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में यह मुद्दा बड़ा राजनीतिक हथियार बनने वाला है।

ED कार्रवाई और नागरिकता पर सवाल

ताहेरपुर की सभा में अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा एक तरफ लोगों की नागरिकता पर सवाल खड़े कर रही है और दूसरी तरफ CBI-ED जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर मौजूदा सरकार को डराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग है। अभिषेक ने कहा, "एक तरफ लोगों की नागरिकता छीनी जा रही है, दूसरी तरफ CBI-ED थोपकर तमाशा किया जा रहा है। दिल्ली के जल्लादों के सामने झुकने के लिए हमें मजबूर किया जा रहा है, लेकिन बंगाल झुकेगा नहीं।"

भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बंगाल में कौन किसे जेल भेजेगा, यह चुनाव के दिन साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी और अमित शाह की सारी साजिशें नाकाम होंगी। जनता ही तय करेगी कि किसे सत्ता में रहना है और किसे बाहर जाना है।" इसके साथ ही उन्होंने आगे यह भी कहा कि मतपेटी खुलते ही भाजपा को समझ आ जाएगा कि बंगाल में कौन किसे जेल भेजेगा।

भाजपा को खुली चेतावनी


वहीं, SIR प्रक्रिया को लेकर चल रहे विवाद पर भी अभिषेक बनर्जी ने सवाल उठाए। उन्होंने BJP नेता शांतनु ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा, "मतुआ परिवारों के नामों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। क्या मतुआ अवैध हैं और शांतनु ठाकुर और अमित शाह वैध?" अभिषेक ने भाजपा पर मतुआ समाज को लेकर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया।

ED द्वारा पॉलिटिकल कंसलटेंसी फर्म I-PAC पर किए गए छापेमारी के बाद अभिषेक ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया के जरिए भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "लोकतंत्र को दंडित किया जा रहा है, अपराधियों को पुरस्कृत किया जा रहा है, संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है और चुनावों में धांधली की जा रही है।" उन्होंने आगे लिखा कि जेलें प्रदर्शनकारियों से भरी जा रही हैं, जबकि बलात्कारियों को आसानी से जमानत मिल रही है। अभिषेक ने कहा यही है भाजपा का नया भारत मॉडल।

अभिषेक बनर्जी ने साफ कहा कि भले ही देश के दूसरे हिस्सों में लोग दबाव में आ जाएं, लेकिन बंगाल डटा रहेगा। उनका दावा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बंगाल की जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।