पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को हवा में धुएं का अलार्म बजने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी है। हवा में धुआं दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद दिल्ली जा रही फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरबस ए-320 विमान से चल रही यह फ्लाइट (आईएक्स-1523) को सोमवार शाम लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया। यह फैसला तब लिया गया, जब पायलट ने ‘मेडे’ कॉल जारी किया।
हवा में एयर इंडिया के विमान में धुआं
बताया गया कि क्रू मेंबर्स को विमान के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम वाले हिस्से (एवियोनिक्स बे) में धुआं दिखाई दिया था, जिसके बाद तुरंत एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया। सूत्रों के अनुसार, लखनऊ में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को पहले ही इस बदलाव की जानकारी दे दी गई थी। इसके बाद विमान शाम 5 बजकर 18 मिनट पर सुरक्षित तरीके से लैंड कर गया। इस फ्लाइट में कुल 148 लोग सवार थे, जिनमें छह क्रू सदस्य भी शामिल थे। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली जा रही फ्लाइट के क्रू ने धुआं दिखने के बाद विमान को लखनऊ की ओर मोड़ने और तुरंत लैंडिंग कराने का फैसला लिया। विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्रियों को लैंडिंग के बाद नाश्ता-पानी दिया गया। बाद में यात्रियों को दिल्ली भेजने के लिए दूसरी फ्लाइट्स में व्यवस्था की गई।
बता दें कि इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट पर विशाखापट्टनम से आ रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी। विमान के इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने पर यह लैंडिंग करवाई गई थी।