एयर इंडिया की एक और फ्लाइट की तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, दोहा जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान तकनीकी खराबी के कारण कालीकट लौट आई। बुधवार को कालीकट से एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद उड़ान भरने के दो घंटे बाद ही अपने ओरिजन एयरपोर्ट पर वापस लौट आया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नंबर IX 375 ने आज सुबह लगभग 9.05 बजे दोहा के लिए उड़ान भरी थी और लगभग 11.15 बजे कालीकट पर वापस उतरी।
विमान में पायलट और चालक दल सहित 188 लोग सवार थे। एक आधिकारिक बयान में, एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई और उसे रवाना किया गया। प्रवक्ता ने कहा, "तकनीकी समस्या के कारण हमारी एक फ्लाइट उड़ान भरने के बाद कालीकट लौट आई।"
न्यूज एजेंसी PTI ने एक अधिकारी के हवाले से बताया, "विमान के केबिन AC में तकनीकी समस्या थी। यह इमरजेंसी लैंडिंग नहीं थी।"
उन्होंने बताया कि यात्रियों को विमान से उतार लिया गया है और या तो तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया जाएगा या फिर यात्रियों को अपनी यात्रा फिर से शुरू करने के लिए किसी अन्य विमान की व्यवस्था की जाएगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि तकनीकी खामी के कारण यह "एहतियाती लैंडिंग" थी और यात्रियों के लिए दोपहर 1.30 बजे तक वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था कर दी जाएगी।
बाद में, एक आधिकारिक बयान में, एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई और उसे रवाना कर दिया गया।
एक दिन पहले एयर इंडिया के विमान में लगी आग
इस घटना से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को हांगकांग से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया (Air India) की एक फ्लाइट में IGI एयरपोर्ट पर लैंड करने कुछ ही देर बाद ऑक्जिलरी पावर यूनिट (APU) में आग लग गई थी। एयरलाइन के अनुसार, यह घटना उस समय घटी जब विमान गेट पर खड़ा था और यात्री उतरने लगे थे।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "22 जुलाई 2025 को हांगकांग से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI 315 में लैंडिंग और गेट पर पार्किंग के तुरंत बाद एक APU में आग लग गई। यह घटना उस समय हुई जब यात्री उतरने लगे थे, और सिस्टम डिजाइन के अनुसार APU अपने आप बंद हो गया।"