Air India: पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच एयरलाइंस धीरे-धीरे (सावधानी के साथ) अपनी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर रही हैं। Air India, Air India Express और IndiGo ने बुधवार को फैसला किया कि वे दुबई के लिए फ्लाइट्स दोबारा शुरू करेंगी। हालांकि, इस क्षेत्र के कुछ अन्य शहरों के लिए उड़ानें अभी भी बंद हैं।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 19 मार्च (गुरुवार) को पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली 48 नियमित और अनियमित उड़ानें संचालित करेंगी। एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि गुरुवार को 16 नियमित (scheduled) और 32 अनियमित (non-scheduled) उड़ानें शुरू की जाएंगी। दुबई के लिए भी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इंडिगो ने X (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, "दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी से मिले नए अपडेट के बाद, दुबई से आने-जाने वाली उड़ानें 18 मार्च 2026 को शाम 4 बजे (DXB स्थानीय समय) से फिर से शुरू हो गई हैं।"
Akasa Air सेवाओं को फिर से करेगी शुरू
Akasa Air ने कहा कि सुरक्षा की जांच और मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद, वह क्षेत्र में चुनिंदा सेवाओं को धीरे-धीरे बहाल करेगी।
एयरलाइन ने X (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, “आज से रियाद और मुंबई के लिए उड़ानें शुरू हो जाएंगी... जेद्दा, अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, कोच्चि और कोझिकोड के लिए हमारी उड़ानें जारी रहेंगी।”
21 मार्च तक बंद रहेंगी फ्लाइट्स
हालांकि, अबू धाबी, दोहा और कुवैत के लिए आने-जाने वाली फ्लाइट्स 21 मार्च तक बंद रहेंगी।
बता दें कि पश्चिमी एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगे होने से उड़ानें बाधित हुई हैं। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से, 28 फरवरी से पश्चिमी एशिया क्षेत्र से लगभग 2.6 लाख लोग भारत लौट चुके हैं।