बीते बुधवार को पुणे जिले के बारामती में विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। अजित पवर मुंबई से बारामती जा रहे थे। उनके मौत के बाद पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर है। वहीं महाराष्ट्र सरकार के क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने बारामती में हुए विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि, सीसीटीवी फुटेज में इस दर्दनाक हादसे के डरावने दृश्य सामने आए हैं। फुटेज में देखा जा सकता है कि विमान बहुत तेज़ी से नीचे आया और ज़मीन से टकराते ही एक तेज़ रोशनी दिखाई दी। कुछ ही पलों में घटनास्थल पर आग का बड़ा गोला बन गया और चारों तरफ काले धुएं का गुबार फैल गया। इस हादसे में 66 वर्षीय अजीत पवार की मौत हो गई, जिससे पूरे बारामती इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। उनके साथ उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदीप जाधव, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली, पायलट सुमित कपूर और को-पायलट शाम्भवी पाठक की भी जान चली गई।
वहीं, इस विमान हादसे की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने शुरू कर दी है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि खराब दृश्यता यानी कम दिखाई देना इस हादसे की एक बड़ी वजह हो सकती है। मंत्रालय के अनुसार, हादसे का शिकार हुए विमान का ब्लैक बॉक्स भी बरामद कर लिया गया है, जिससे जांच में मदद मिलेगी।
जिस विमान से अजीत पवार यात्रा कर रहे थे, उसे सुबह 7 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन यह विमान सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर उड़ पाया। इसके बाद सुबह 9 बजकर 12 मिनट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को विमान हादसे की जानकारी मिली। बुधवार सुबह खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण विमान को पहले एक बार गो-अराउंड करना पड़ा था। बाद में उसे बारामती में लैंडिंग की अनुमति दी गई, लेकिन मंजूरी मिलने के बाद भी विमान की ओर से एयर ट्रैफिक कंट्रोल को कोई जवाब नहीं मिला। कुछ ही देर बाद विमान एयरस्ट्रिप के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया और आग के बड़े गोले में बदल गया।