2023 में मुंबई क्रैश, 2008 में मेक्सिको के गृह मंत्री की मौत, अब अजित पवार की गई जान, लियरजेट 45 विमान 40 हादसों का हो चुका शिकार

Learjet 45: इस विमान का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने की एक बड़ी वजह यह है कि यह छोटे रनवे पर भी आसानी से लैंडिंग कर सकता है और टेकऑफ कर सकता है। साल 2021 में बॉम्बार्डियर कंपनी ने लियरजेट 45 बनाना बंद कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद यह विमान आज भी दुनिया भर में इस्तेमाल किया जा रहा है

अपडेटेड Jan 28, 2026 पर 7:48 PM
Story continues below Advertisement
Ajit Pawar Plane Crash: लियरजेट 45 विमान 40 हादसों का हो चुका शिकार

महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के निधन के बाद अब सभी का ध्यान क्रैश हुए विमान के मॉडल और भारत में उसे चलाने वाली कंपनी पर केंद्रित हो गया है। जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वो लियरजेट 45 था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK था। यह विमान दिल्ली की ASR एविएशन कंपनी का था। लियरजेट 45 एक मिड साइज का बिजनेस जेट विमान है, जिसे कनाडा की बॉम्बार्डियर एयरोस्पेस कंपनी ने बनाया है। इस मॉडल के करीब 640 विमान साल 1995 से 2012 के बीच बनाए गए थे।

इस विमान का सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने की एक बड़ी वजह यह है कि यह छोटे रनवे पर भी आसानी से लैंडिंग कर सकता है और टेकऑफ कर सकता है। साल 2021 में बॉम्बार्डियर कंपनी ने लियरजेट 45 बनाना बंद कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद यह विमान आज भी दुनिया भर में इस्तेमाल किया जा रहा है।

बारामती में हुए हादसे पर VSR एविएशन के अधिकारियों ने कहा कि विमान में किसी तरह की तकनीकी या सुरक्षा समस्या नहीं थी। विजय कुमार सिंह ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि विमान “100 प्रतिशत सुरक्षित” था और क्रू भी काफी अनुभवी था। उन्होंने यह भी कहा कि खराब विजिबिलिटी हादसे की एक वजह हो सकती है, लेकिन अंतिम फैसला DGCA की जांच के बाद ही सामने आएगा।


पहले भी कई हादसों का शिकार लियरजेट 45

भले ही VSR एविएशन का कहना है कि जिस विमान के हादसे में अजित पवार की मौत हुई, वो “100 प्रतिशत सुरक्षित” था, लेकिन मौजूद आंकड़े इससे अलग तस्वीर दिखाते हैं।

14 सितंबर 2023 को लियरजेट 45 विमान VT-DBL, जो विशाखापत्तनम से मुंबई जा रहा था, मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया। उस समय विमान में 6 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे। गनीमत रही कि सभी यात्री और पायलट बच गए, लेकिन टक्कर इतनी तेज थी कि विमान दो हिस्सों में टूट गया।

मेक्सिको के गृह मंत्री की हुई मौत

इससे पहले 2008 में भी लियरजेट 45 एक बड़े हादसे का शिकार हुआ था। यह विमान मेक्सिको के गृह मंत्री जुआन कैमिलो मौरिन्यो समेत 9 अन्य लोगों को लेकर जा रहा था, जब सेंट्रल मेक्सिको सिटी में क्रैश हो गया। इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान जमीन पर मौजूद 7 लोगों की मौत का भी कारण बना।

मेक्सिको सिटी एयरपोर्ट के पास आते समय विमान को तेज हवा और झटकों (टर्बुलेंस) का सामना करना पड़ा, जिससे विमान नीचे की ओर तेजी से गिरा और सभी सवारों की मौत हो गई। हालांकि, पायलटों ने विमान को संभालने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार और कम ऊंचाई के कारण वे कंट्रोल वापस नहीं पा सके।

40 से ज्यादा दुर्घटनाओं में शामिल रहा ये विमान

इसी तरह 2003 में यह बिजनेस जेट मिलान के लिनाटे एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद क्रैश हो गया। उड़ान के कुछ ही पलों बाद विमान पक्षियों के झुंड से टकरा गया। जांच में रनवे पर मृत पक्षियों के अवशेष मिले। इस हादसे में दोनों पायलटों की मौत हो गई।

News18 के अनुसार, घातक हादसों के अलावा लियरजेट 45 दुनिया भर में 40 से ज्यादा दुर्घटनाओं और गंभीर घटनाओं में भी शामिल रहा है।

अब अजित पवार की मौत के बाद एक बार फिर इस विमान की सुरक्षा रिकॉर्ड पर सवाल उठ रहे हैं और अधिकारी पूरी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

लियरजेट 45 प्लेन की खासियत

इसमें आमतौर पर 8 लोगों के बैठने की क्षमता होती है। केबिन में आमने-सामने लगी दो कतारों में सीटें होती हैं और बीच में एक छोटा रास्ता होता है। कुछ मॉडलों में साइड में लगी सीट या छोटा सोफा भी होता है। विमान के पीछे की ओर हल्के नाश्ते की जगह और एक कवर टॉयलेट भी होता है।

इस विमान को आमतौर पर दो पायलट उड़ाते हैं और लंबी उड़ानों में एक केबिन अटेंडेंट भी हो सकता है। लियरजेट 45 को तेज रफ्तार और आराम के लिए जाना जाता है। यह विमान करीब 800 से 850 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है और इसकी फ्लाइट रेंज लगभग 3,000 किलोमीटर है, जिससे यह भारत के कई बड़े शहरों के बीच बिना रुके यात्रा कर सकता है।

Ajit Pawar Plane Crash: टेकऑफ से क्रैश होने तक की पूरी कहानी, कहां हुई चूक, अजित पवार के बाद कैसी करवट लेगी महाराष्ट्र की राजनीति? पढ़ें सबकुछ

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।