Akash Anand News: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद का प्रमोशन करके उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बना दिया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो यह पद BSP में राष्ट्रीय अध्यक्ष यानी मायावती के बाद आता है। यानी आकाश आनंद अब बहुजन समाज पार्टी (BSP) में दूसरे नंबर के ताकतवर नेता हो गए हैं। अभी तक आकाश आनंद राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर की भूमिका निभा रहे थे। बहुजन समाज पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने इस बात की पुष्टि की है कि आकाश आनंद जी अब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हो गए है।
विश्वनाथ पाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय बहन कुमारी मायावती जी द्वारा श्री आकाश आनंद जी को बसपा का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कन्वीनर) नियुक्त करने के लिए आदरणीय बहन कुमारी मायावती जी का बहुत बहुत आभार एवं राष्ट्रीय संयोजक माननीय आकाश आनंद जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। जयभीम।"
पाल की इस पोस्ट को बसपा के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने भी X पर शेयर किया है। लेकिन अभी इस नई नियुक्ति के बारे में पार्टी ने कोई आधिकारिक बयान जारी नही किया है। लेकिन आकाश आनंद ने इसकी पुष्टि कर दी है। उन्होंने प्रमोशन के लिए अपनी बुआ और पार्टी प्रमुख मायावती का आभार व्यक्त किया है।
आकाश ने शुक्रवार को X पर लिखा, "आदरणीय बहन जी का मुझे बहुजन समाज पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त करने पर पूरे दिल से आभार एवं धन्यवाद अदा करता हूं। साथ ही मैं पूरी निष्ठा और मेहनत से परम पूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर जी और मान्यवर साहब श्री कांशीराम जी के आंदोलन को आदरणीय बहन जी के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश के अनुसार आगे बढ़ाने के लिए पूरे जी-जान से काम करूंगा। पार्टी के मेरे सभी साथियों और नवनियुक्त पदाधिकारियों को भी मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। जयभीम, जयभारत।"
BSP के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से इस विषय में बातचीत में कहा, "बहन जी (मायावती) के निर्देश पर आकाश भैया के साथ मिलकर हम 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में लग गए हैं।" पाल ने दावा किया, "2027 में 2007 की तर्ज पर हम यूपी में फिर से सरकार बनाएंगे और बहन जी को देश के सबसे बड़े प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे।"
आकाश बनेंगे बीएसपी अध्यक्ष?
राष्ट्रीय संयोजक के रूप में आकाश आनंद देश भर में पार्टी मामलों के प्रबंधन की संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाएंगे। लेकिन BSP के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि यह प्रमोशन जल्द ही एक बड़ी जिम्मेदारी का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। बीएसपी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "इस बदलाव के साथ यह स्पष्ट है कि आकाश की अगली प्रमोशन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में होगी। यही संदेश हम इस घटनाक्रम में देख रहे हैं। आकाश देश भर में यात्रा करते रहेंगे, जैसा कि वह मुख्य राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर के रूप में कर रहे थे।"
आकाश पार्टी के भीतर लगातार बढ़ती संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। 10 सितंबर से वह बिहार में आगामी चुनावों के लिए समर्थन जुटाने हेतु युवा अधिकार यात्रा शुरू करेंगे। BSP सूत्रों ने बताया कि यह यात्रा पलायन, रोजगार और शिक्षा के मुद्दों पर केंद्रित होगी। यात्रा कैमूर से शुरू होगी। यह 15 जिलों से गुजरने के बाद मायावती द्वारा संबोधित चार रैलियों के साथ समाप्त होगी। बीएसपी ने बिहार की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। लेकिन सूत्रों के अनुसार, उसका ध्यान 50 सीटों पर रहेगा।