Andhra Pradesh New Capital: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार (7 अप्रैल) को घोषणा की कि अमरावती अब राज्य की नई राजधानी है। इसकी जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर शेयर करके दी। बता दें कि पिछले दिनों संसद के बजट सत्र के दौरान आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम संशोधन विधेयक 2026 को दोनों सदनों में बहुमत से पारित किया गया था।
सीएम नायडू ने X पर लिखा- “आंध्र प्रदेश की जनता की ओर से, मैं माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) अधिनियम, 2026 को अपनी मंजूरी दी। इससे हमारी राजधानी का पुराना सपना पूरा हो गया है।“
उन्होंने आगे लिखा, “मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को हमारे राज्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और मार्गदर्शन के लिए, विधेयक का समर्थन करने वाले सभी सांसदों को, हमारे राज्य के नेताओं को और हमारे साथ खड़े रहने वाले प्रत्येक नागरिक को धन्यवाद देता हूं। यह आंध्र प्रदेश की मेरी जनता, विशेषकर मेरे किसानों की जीत है।“
अमरावती के विकास की दिशा में बड़ा कदम
सीएम चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली TDP-NDA सरकार की यह पहल अमरावती के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है। आंध्र प्रदेश के विभाजन के समय नायडू ने अमरावती को राज्य का प्रशासनिक और राजनीतिक केंद्र बनाने की योजना बनाई थी। अब यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य की केवल एक राजधानी होगी और वह अमरावती ही होगी। इस फैसले को प्रशासनिक स्थिरता और समग्र विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।