Asia Power Index 2026: दुनिया में बढ़ा भारत का दबदबा! एशिया पावर रैंकिंग में तीसरे नंबर पर पहुंचा, सिर्फ अमेरिका और चीन से पीछे
Asia Power Index 2026: लोवी (Lowy) इंस्टीट्यूट की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने एशिया के तीन सबसे शक्तिशाली देशों में अपनी जगह बनाए रखी है। 2026 में भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। इस रैंकिंग में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है। जबकि भारत तीसरे नंबर पर कायम है। क्षेत्रीय नेतृत्व के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्थिति में भी सुधार हुआ है
Asia Power Index 2026: आर्थिक गिरावट के बावजूद एशिया पावर रैंकिंग में भारत तीसरे स्थान पर बरकरार है
Asia Power Index 2026: एशिया में भारत की बढ़ती ताकत और ग्लोबल मंच पर उसके प्रभाव को लेकर एक अहम रिपोर्ट सामने आई है। लोवी इंस्टीट्यूट (Lowy Institute) की ओर से जारी Asia Power Index 2026 (एशिया पावर इंडेक्स 2026) में भारत ने एशिया के तीन सबसे शक्तिशाली देशों में अपनी जगह बरकरार रखी है। भारत को इस साल 40.5 अंक मिले हैं। इस रैंकिंग में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है। जबकि भारत तीसरे नंबर पर बरकरार है। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्षेत्रीय नेतृत्व क्षमता की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। रिपोर्ट में उन्हें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता बताया गया है।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया में अमेरिका और चीन के बीच शक्ति का अंतर लगातार कम हो रहा है। इसकी एक बड़ी वजह चीन की ताकत में तेजी से बढ़ोतरी के बजाय अमेरिकी प्रशासन की नीतिगत गलतियों और कूटनीतिक चुनौतियों को माना गया है। वहीं, भारत ने अपनी समग्र शक्ति के मामले में मजबूत स्थिति बनाए रखी है। इस इंडेक्स की शुरुआत 2018 में हुई थी, तब से अब तक चीन के मुकाबले में भारत की ताकत का अंतर सबसे कम रह गया है।
अमेरिका पहले, चीन दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर
Lowy Institute की Asia Power Index 2026 रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका 78.9 अंकों के साथ एशिया का सबसे शक्तिशाली देश बना हुआ है। चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दोनों देशों के बीच अब सिर्फ 5.3 अंकों का अंतर रह गया है। साल 2018 में इस इंडेक्स की शुरुआत के बाद यह दोनों देशों के बीच सबसे कम अंतर है। भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे नंबर पर मौजूद है।
भारत और जापान के बीच भी अंकों का अंतर काफी कम है। रिपोर्ट बताती है कि एशिया में अमेरिका और चीन का दबदबा अब भी कायम है। लेकिन क्षेत्रीय शक्ति संतुलन पहले के मुकाबले अधिक प्रतिस्पर्धी होता जा रहा है। सैन्य क्षमता के मामले में भी अमेरिका और चीन के बीच अंतर अपने सबसे निचले दर्ज स्तर पर पहुंच गया है। यह बदलाव एशिया में बदलते सामरिक समीकरणों को दर्शाता है।
शी के बाद PM मोदी क्षेत्रीय नेतृत्व में दूसरे नंबर पर
एशिया पावर इंडेक्स 2026 की एक और बड़ी उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्षेत्रीय नेतृत्व रैंकिंग में सुधार है। रिपोर्ट में PM मोदी को एशिया का दूसरा सबसे शक्तिशाली एवं प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता बताया गया है। इस लिस्ट में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहले नंबर पर हैं। पिछली रैंकिंग की तुलना में प्रधानमंत्री मोदी ने तीन स्थानों का सुधार किया है। यह भारत के क्षेत्रीय नेतृत्व और राजनीतिक प्रभाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
भारत की कूटनीतिक ताकत मजबूत
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की सबसे मजबूत कैटेगरी कूटनीतिक प्रभाव (Diplomatic Influence) रही है। इस क्षेत्र में भारत को 70.3 अंक मिले हैं। पिछले साल की तुलना में इसमें मामूली गिरावट दर्ज की गई है। खास बात यह है कि ऐसे समय में जब एशिया के कई देशों के कूटनीतिक प्रभाव में गिरावट आई है, भारत ने अपनी स्थिति काफी हद तक बरकरार रखी है। दूसरी ओर, भारत की आर्थिक क्षमता (Economic Capability) के स्कोर में थोड़ी कमी आई है। इस कैटेगरी में भारत को 26.4 अंक मिले हैं।
रिपोर्ट में इसके पीछे रुपये की कमजोरी, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की कार्यप्रणाली में बदलाव और भारत से बाहर होने वाले निवेश में लगभग 20 अरब डॉलर की गिरावट जैसे कारणों का उल्लेख किया गया है। इन कारकों ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की तुलनात्मक स्थिति और GDP से जुड़े आकलन को प्रभावित किया है। इसके बावजूद भारत एशिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति के रूप में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहा है।
अमेरिका को लगा बड़ा कूटनीतिक झटका
Asia Power Index 2026 में अमेरिका की कूटनीतिक स्थिति को लेकर भी महत्वपूर्ण निष्कर्ष सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में अमेरिका के कूटनीतिक प्रभाव में अब तक की सबसे बड़ी सालाना गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की एकतरफा विदेश नीति, व्यापार शुल्क (Tariffs) और ईरान के साथ युद्ध ने एशियाई देशों के बीच अमेरिका की छवि और भरोसे को प्रभावित किया है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ अमेरिका के तनावपूर्ण संबंधों ने भी उसकी कूटनीतिक स्थिति को कमजोर किया है।
रिपोर्ट में ताइवान को हथियारों की बिक्री और दक्षिण कोरिया के साथ सैन्य अभ्यास को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप की टिप्पणियों का भी उल्लेख किया गया है। इन घटनाक्रमों ने एशिया में अमेरिकी नेतृत्व को लेकर भरोसे पर असर डाला है। अमेरिका का Diplomatic Influence स्कोर छह अंक गिरकर 76.7 रह गया है। यह लगातार चौथा साल है जब इस कैटेगरी में अमेरिका के स्कोर में गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2018 में Asia Power Index की शुरुआत के बाद यह इस कैटेगरी में अमेरिका की सबसे बड़ी एक साल की गिरावट है।
Lowy Institute की ओर से जारी Asia Power Index में एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों का मूल्यांकन किया जाता है। इसके लिए 131 अलग-अलग संकेतकों (Indicators) का इस्तेमाल किया जाता है। रिपोर्ट में देशों की ताकत को आठ प्रमुख मानकों पर परखा जाता है। इनमें आर्थिक क्षमता, सैन्य क्षमता, लचीलापन (Resilience), भविष्य के संसाधन, आर्थिक संबंध, रक्षा नेटवर्क, कूटनीतिक प्रभाव और सांस्कृतिक प्रभाव जैसे पहलू शामिल हैं। इस इंडेक्स का उद्देश्य केवल देशों की आर्थिक या सैन्य ताकत का आकलन करना नहीं है। बल्कि यह समझना भी है कि एशिया में कौन सा देश अपने संसाधनों और प्रभाव का इस्तेमाल करके क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर कितनी शक्ति रखता है।
ASIA POWER INDEX: In 2026, the top five countries for overall power in Asia are the United States, China, India, Japan and Russia. Australia remains sixth in this year’s ranking. https://t.co/qrk0mc8Z8y https://t.co/VVdHc9oo5H