'रेफरल लैब में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर'; बिसलेरी ने पैक्ड पानी को बताया सुरक्षित, FSSAI के दावे को दी चुनौती

Bisleri Water Sample Row: देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी ने अपने पानी के सैंपल को 'असुरक्षित' घोषित किए जाने के बाद सफाई दी है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कंपनी के खिलाफ मुकदमे की मंजूरी दिए जाने के बाद बिसलेरी ने कहा है कि पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उसने यह भी दावा किया कि उसके द्वारा कराए गए थर्ड पार्टी टेस्ट में पानी के सैंपल में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 12:34 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Bisleri Water Sample Row: बिसलेरी ने पैक्ड पानी को सुरक्षित बताते हुए कहा कि रेफरल लैब में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर है

Bisleri Water Sample Row: खाद्य नियामक फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) द्वारा बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने का आदेश देने के एक दिन बाद कंपनी ने सोमवार (23 नवंबर) को दावा किया कि उसका पैक्ड पानी पीने के लिए सुरक्षित है। बिसलेरी ने कहा कि वह इस मुद्दे के समाधान के लिए FSSAI के साथ सहयोग करेगी। यह बयान एफएसएसएआई के उस दावे के एक दिन बाद आया है, जिसमें उसने कहा था कि पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल 'असुरक्षित' पाए जाने के बाद उसने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है।

कंपनी का दावा- FSSAI से नहीं मिला नोटिस

बिसलेरी इंटरनेशनल ने एक बयान में कहा कि उसे एफएसएसएआई से कोई नोटिस नहीं मिला है। कंपनी ने यह भी कहा कि एक रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर पाई गई थी। कंपनी का यह बयान रविवार को एफएसएसएआई के उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आया है, जिसमें बताया गया था कि असुरक्षित पैक्ड पानी को लेकर कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।


14 महीने पुराना है टेस्ट रिपोर्ट?

बिसलेरी ने कहा कि यह मामला लगभग 14 महीने पुराना है। सितंबर 2025 में उसके गोवा स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार एक बैच से जुड़ा है। गोवा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के नेटवर्क के 143 कंपनियों में से एक है। एफएसएसएआई ने 30 सितंबर, 2025 को गोवा प्लांट से छह सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी लागू मानकों पर खरे उतरे। कंपनी ने कहा, "छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया। जबकि इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।"

बिसलेरी की 22 नवंबर, 2025 की अपील के बाद एफएसएसएआई ने उस सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब में भेजा था। बिसलेरी ने कहा, "रेफरल लैब ने सैंपल में ब्रोमेट को तय सीमा के भीतर पाया और अलग से सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी की बात कही।"

कंपनी ने दूसरे लैब में करवाई जांच

दोनों जांच नतीजों के बीच के अंतर ने सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद बिसलेरी ने स्वतंत्र रूप से जांच के लिए सैंपल को एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक लैब में भेजा। बिसलेरी ने कहा, "उस जांच में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर पाया गया।" कंपनी ने दो फरवरी, 2026 को एक औपचारिक पत्र के साथ स्वतंत्र जांच के नतीजे एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिए।

कंपनी ने कहा, "उस पत्र के बाद हमें एफएसएसएआई से आगे कोई सूचना नहीं मिली और हमने मान लिया कि मामला बंद हो गया है।" बिसलेरी ने कहा कि वह उचित नियामकीय प्रक्रिया के जरिएक इस मामले को सुलझाने के लिए एफएसएसएआई के साथ सहयोग करना जारी रखेगी।

FSSAI ने मुकदमे की मंजूरी दी

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। कंपनी के बोतलबंद पानी का सैंपल जांच में असुरक्षित पाया गया था। एफएसएसएआई ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। FSSAI ने जांच के लिए बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर) का सैंपल लिया था।

एफएसएसएआई ने कहा कि सैंपल ब्रोमेट की निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत उसे असुरक्षित घोषित किया गया है। कंपनी की अपील के बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए दूसरी लैब में भेजा गया। इस लैब ने भी उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया।

FSSAI ने कहा कि लैब की जांच में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। इसके आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी गई है।

इन कंपनियों के खिलाफ भी एक्शन

एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया पोस्ट में वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी सहित कुछ अन्य कंपनियों के खिलाफ भी अभियोजन की मंजूरी देने की जानकारी दी। नियामक ने नियमों का पालन नहीं करने पर उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर दिया है।

ये भी पढ़ें- Saryu-Kamala Express Launch: आज से अयोध्या-जनकपुर जाम के बीच दौड़ेगी ट्रेन, पीएम मोदी और नेपाली PM बालेंद्र शाह दिखाएंगे हरी झंडी

एफएसएसएआई ने आशा कन्फेक्शनरी को उत्पाद वापस लेने का आदेश भी दिया है। कंपनी को उसके 'प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज' बाजार से वापस लेने को कहा गया है, क्योंकि जांच में ये असुरक्षित पाए गए थे। इस कैलेंडर वर्ष में एफएसएसएआई ने खाद्य कारोबार करने वाली कंपनियों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।