दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दिल्ली के दो युवकों को पकड़ा है। आरोप है कि दोनों खास तौर पर महंगे फोन चुराने के लिए अहमदाबाद आए थे। इसके लिए उन्होंने कॉन्सर्ट के गोल्ड कैटेगरी के टिकट भी खरीदे थे।
Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने दोनों के पास से 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 4.3 लाख रुपये है। पुलिस को शक है कि दोनों का हाथ चोरी की छह अन्य घटनाओं में भी हो सकता है।
गोल्ड टिकट लेकर क्यों आए थे दोनों?
पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने गोल्ड कैटेगरी के टिकट इसलिए खरीदे थे, ताकि कॉन्सर्ट के प्रीमियम सेक्शन में जा सकें। उन्हें लगा कि वहां आने वाले लोगों के पास महंगे स्मार्टफोन होंगे। इसी वजह से उन्होंने इस सेक्शन में मौजूद लोगों को निशाना बनाने की योजना बनाई।
कॉन्सर्ट के दौरान कई लोगों ने स्टेडियम के कंट्रोल रूम में फोन चोरी होने की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बाहर निकलने वाले गेट पर जवानों को तैनात कर दिया।
• 11 मोबाइल बरामद: तलाशी के दौरान दोनों के पास से अलग-अलग कंपनियों के 11 फोन मिले।
• आरोपियों की पहचान: पकड़े गए युवकों के नाम मोहम्मद गुलजार और अशरफ हुसैन इदरीशी हैं। दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं।
• अन्य मामलों की जांच: पुलिस को शक है कि दोनों छह अन्य मोबाइल चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद जब दर्शक बाहर जा रहे थे, तभी पुलिस ने दो युवकों को देखकर उन्हें रोकने की कोशिश की। दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।