नई वंदे भारत देखते ही लोग क्यों बन जाते हैं कैमरामैन? इसके पीछे है ये मनोविज्ञान
नई वंदे भारत ट्रेन देखते ही लोग फोटो-वीडियो बनाने लगते हैं। इसके पीछे सिर्फ शौक नहीं, बल्कि मनोविज्ञान है - नई चीज़ को दिखाने की खुशी, यादों को सहेजने की चाहत और सोशल मीडिया पर शेयर करने की आदत। लोग सफर से ज्यादा उस पल को कैमरे में कैद करना चाहते हैं, ताकि वो याद हमेशा के लिए रह जाए।
नई वंदे भारत ट्रेन में बैठते ही यात्री सबसे पहले फोन निकालकर फोटो और रील बनाने लगते हैं
वंदे भारत: जब भी कोई नई वंदे भारत चलती है या किसी नए रूट पर पहली बार जाती है, तो लोगों में अलग ही जोश दिखता है। कोई ट्रेन के सामने सेल्फी ले रहा होता है, कोई अंदर का वीडियो बना रहा होता है, तो कोई खिड़की से बाहर का नजारा फोन में कैद कर रहा होता है। थोड़ी ही देर में वो सफर सोशल मीडिया पर छा जाता है।
वंदे भारत में सफर करना सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाना नहीं है। इसकी सीटें, इसकी रफ्तार, इसका नया लुक... सब कुछ लोगों को खींचता है। पर सवाल ये है कि बैठते ही लोग फोन क्यों निकाल लेते हैं? इसकी वजह हमारे मन में ही छिपी है।
नई ट्रेन आई नहीं कि देखने वालों की भीड़ लग गई
जब कोई ट्रेन पहली बार किसी नए रूट पर चलती है, तो लोगों के मन में उसे देखने की अलग ही बेचैनी होती है। अंदर से कैसी है, सीट कैसी है, खाना कैसा मिलेगा... सब जानना होता है। केरल में जब पहली वंदे भारत चली थी, तो लोग उसे देखने के लिए छतों और बालकनी पर चढ़ गए थे। कई लड़कों ने उसके साथ सेल्फी ली, कई लोगों ने वीडियो बनाया।
ऐसा ही एक वीडियो दिल्ली से जयपुर वाली वंदे भारत का भी वायरल हुआ था, जिसमें एक ब्रिटिश परिवार पहली बार सफर कर रहा था। इंस्टाग्राम पर उस वीडियो को 50 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा।मतलब साफ है, नई चीज का क्रेज सिर्फ सफर करने वालों को नहीं, देखने वालों को भी होता है।
मन खुश हो तो फोटो खींचने से खुद को रोकना मुश्किल हो जाता है
नई ट्रेन में बैठकर लोगों को खुशी, हैरानी और जोश... सब एक साथ महसूस होता है। और जब मन खुश होता है, तो उसे दूसरों को बताने का मन करता है। 2012 में एक स्टडी में न्यूयॉर्क टाइम्स के करीब 7,000 आर्टिकल देखे गए। उसमें पता चला कि जो चीज लोगों को ज्यादा खुश, हैरान या उत्साहित करती है, वो ज्यादा शेयर होती है। उदासी वाली चीजें लोग कम शेयर करते हैं। इसीलिए वंदे भारत की फोटो सिर्फ फोटो नहीं होती, उसमें उस वक्त की खुशी भी छिपी होती है।
फोटो में ट्रेन बहाना है, असली में तो हम अपनी ही कहानी सुना रहे होते हैं
हम फोटो सिर्फ यादों के लिए नहीं खींचते। कई बार फोटो से हम ये भी बताते हैं कि हमें क्या पसंद है, हम कैसे हैं, हम क्या महसूस कर रहे हैं। 2022 में फ्रंटियर्स इन साइकोलॉजी में छपी एक रिसर्च में यही बात कही गई थी। इसमें बताया गया था कि युवा अक्सर फोटो इसलिए खींचते हैं ताकि दोस्तों को दिखा सकें। हम क्या पोस्ट करते हैं, उसी से लोग हमें पहचानते हैं। तो जब कोई वंदे भारत की फोटो डालता है, तो वो सिर्फ ट्रेन नहीं दिखा रहा होता। वो ये बता रहा होता है कि देखो, मैंने ये खास सफर किया है। और कहीं न कहीं देश की इस नई ट्रेन पर गर्व भी होता है।
फोटो खींचने से सफर हमेशा के लिए यादगार बन जाता है
बहुत लोग सोचते हैं कि फोटो खींचने से हम सफर को ठीक से जी नहीं पाते। पर रिसर्च कुछ और ही कहती है। 2016 में जर्नल ऑफ पर्सनैलिटी एंड सोशल साइकोलॉजी में 2,000 से ज्यादा लोगों पर 9 एक्सपेरिमेंट किए गए। पता चला कि फोटो खींचने से लोग उस पल में और ज्यादा डूब जाते हैं, एक एक्सपेरिमेंट में तो बस की यात्रा भी थी। जिन लोगों ने फोटो खींची, उन्होंने सफर को ज्यादा एंजॉय किया। वंदे भारत में भी यही होता है। सीट की फोटो, खिड़की से बाहर का नजारा, खाने की थाली... ये सब खींचते-खींचते सफर यादगार बन जाता है।
रील बनाने के साथ-साथ सफर को जीना भी उतना ही ज़रूरी है
पहली बार वंदे भारत में बैठना खुशी, जोश और गर्व से भरा होता है। ऐसे में फोटो डालना बिल्कुल नॉर्मल है। सबको अपना अच्छा पल दूसरों को दिखाने का मन करता है। पर फोटो-वीडियो के चक्कर में असली सफर पीछे नहीं छूटना चाहिए। कभी-कभी फोन को जेब में रखकर, खिड़की से बाहर देखते हुए, चाय की चुस्की के साथ सफर को महसूस करना भी जरूरी है। क्योंकि फोटो तो यादें बनाती हैं, पर सफर का मजा तो उसे जीने में ही है।