Nirmala Sitharaman: 'गरीबी सिर्फ कमाई की कमी नहीं...', वित्त मंत्री ने बताया 10 साल में कैसे बदली 50 करोड़ भारतीयों की जिंदगी

FM Nirmala Sitharaman: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि गरीबी केवल आय या मजदूरी की कमी भर नहीं है। पक्के घर, साफ पानी, स्वच्छता और इलाज की कमी भी गरीबी की एक बड़ी वजह है। लिंक्डइन पर लिखे अपने पोस्ट में उन्होंने पिछले एक दशक में भारत के बदलाव को रखा है। साथ ही उन्होंने इसका श्रेय सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और लक्षित नीतियों को दिया है

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 11:56 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
उन्होंने पिछले एक दशक में गरीबी से निपटने में भारत के ऐतिहासिक बदलाव को रेखांकित किया

Nirmala Sitharaman on Poverty Eradication: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गरीबी को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने पिछले एक दशक में गरीबी से निपटने में भारत के ऐतिहासिक बदलाव को रेखांकित किया और इसका श्रेय नरेंद्र मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व लक्षित नीतियों को दिया।

उनके मुताबिक, गरीबी सिर्फ कमाई की कमी नहीं है। पक्के घर, साफ पानी और इलाज की कमी भी गरीबी की बड़ी वजह है। लिंक्डइन पोस्ट में उन्होंने पिछले 10 साल के बदलाव गिनाए और इसका श्रेय सरकार की योजनाओं को दिया।

पिछले महीने जारी विश्व बैंक की 'गरीबी और समानता संक्षिप्त रिपोर्ट' का हवाला देते हुए सीतारमण ने बताया कि 2011 और 2023 के बीच लगभग 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं, जबकि अत्यधिक गरीबी लगभग समाप्त हो चुकी है।


'गरीबी केवल आय की कमी नहीं, एक बीमारी छीन लेती है जमा पूंजी'

'द डिकेड इंडिया टर्न्ड द टाइड ऑन पॉवर्टी' शीर्षक से लिखे अपने लेख में वित्त मंत्री ने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ अपने संवाद के अनुभव साझा किए। उन्होंने लिखा, 'पिछले एक दशक ने पुरानी धारणाओं को पलट दिया है। सरकार का दृष्टिकोण अस्थायी राहत देने से हटकर उन बुनियादी कमियों को दूर करने पर केंद्रित हुआ है, जो परिवारों को गरीबी के जाल में फंसाए रखती हैं।'

सीतारमण ने समझाया कि अगर किसी परिवार के पास सुरक्षित घर, साफ पानी, शौचालय या इलाज की सुविधा नहीं है, तो आय बढ़ने के बावजूद वह असुरक्षित बना रहता है। उन्होंने लिखा, 'एक बीमारी जीवन भर की बचत को खत्म कर सकती है और एक परिवार को वापस गरीबी में धकेल सकती है'।

उन्होंने बताया कि सरकार की नीतियां 'अंत्योदय' यानी पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण के सिद्धांत से प्रेरित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इन योजनाओं के कार्यान्वयन की निगरानी करते हैं, बाधाओं को दूर करते हैं और लाभार्थियों तक सही डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए तकनीक का उपयोग करते हैं।

सरकारी योजनाओं ने कैसे दूर की बुनियादी कमियां?

वित्त मंत्री ने अपनी पोस्ट में सरकार की कई प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं की उपलब्धियों का जिक्र किया:

स्वच्छ भारत मिशन: घरों में शौचालय की बेहतर सुविधा होने से सालाना अनुमानित 60,000 से 70,000 शिशु मृत्यु को रोकने में मदद मिली है।

जल जीवन मिशन: ग्रामीण इलाकों में नल से जल कनेक्शन 2019 के लगभग 3 करोड़ घरों से बढ़कर अब करीब 16 करोड़ घरों तक पहुंच गए हैं। इससे महिलाओं और लड़कियों का बोझ कम हुआ है, जिन्हें पहले पानी लाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

उज्ज्वला और पीएम आवास योजना: उज्ज्वला योजना ने रसोई गैस के जरिए धुआं-मुक्त और स्वच्छ रसोई सुनिश्चित की है, जबकि पीएम आवास योजना (PMAY) ने गरीब परिवारों को पक्के घर दिए हैं।

आयुष्मान भारत: पात्र लाभार्थियों को कैशलेस अस्पताल इलाज की सुविधा देकर इस योजना ने परिवारों को मेडिकल खर्च के भारी वित्तीय बोझ से बचाया है। सीतारमण ने कहा कि ये सभी योजनाएं मिलकर उन झटकों के खिलाफ एक बीमा की तरह काम करती हैं, जो कभी परिवारों को वापस गरीबी में धकेल देते थे।

जन धन खाते, मुद्रा लोन और महिला उद्यमिता की ताकत

वित्त मंत्री ने वित्तीय समावेशन और कर्ज की आसान उपलब्धता को गरीबी कम करने की रणनीति का मुख्य आधार बताया। उन्होंने कहा कि 59 करोड़ से अधिक जन धन खातों के जरिए सरकारी लाभों का सीधा हस्तांतरण (DBT) संभव हुआ है, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता खत्म हुई है।

सीतारमण ने लिखा, 'एक समय था जब यह मान लिया गया था कि सरकारी खजाने से भेजे गए हर एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही आम नागरिक तक पहुंचते हैं। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) ने इस तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है'।

इसके अलावा, उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अब तक 60 करोड़ लोन खाते मंजूर किए गए हैं, जिनमें से लगभग दो-तिहाई (करीब 66%) लाभार्थी महिलाएं हैं। साथ ही, रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को सशक्त बनाने में पीएम स्वनिधि (PM SVANidhi) और पीएम विश्वकर्मा योजनाओं की भी अहम भूमिका रही है।

'अभी रुकने का समय नहीं': विकसित भारत 2047 का लक्ष्य

निर्मला सीतारमण ने स्पष्ट किया कि गरीबी कम करने में मिली इस सफलता को सरकार के प्रयासों का अंत नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले चरण में आर्थिक सीढ़ी के सबसे निचले पायदान पर बचे हुए लोगों को ऊपर उठाने और गरीबी से बाहर निकल चुके परिवारों को दोबारा पीछे न फिसलने देने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

इसके लिए वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक पहुंच को और बढ़ाया जाएगा। साथ ही रोजगार से जुड़े प्रोत्साहनों (PLI/ELI), इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के माध्यम से शिक्षा जगत और उद्योग के बीच संबंधों को मजबूत किया जाएगा।

आजादी के बाद छह दशकों तक अधूरे रहे लक्ष्यों को 10 वर्षों में हासिल करने की बात कहते हुए वित्त मंत्री ने अंत में लिखा, '140 करोड़ भारतीयों के संकल्प के साथ, 2047 तक 'विकसित भारत' हमारी पहुंच में है, और हम सब मिलकर इसे हासिल करेंगे।'

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।