Assembly Election Results 2026: राहुल गांधी को अपनी करनी पर है अफसोस? असम और बंगाल में करारी हार के बाद आया चौंकाने वाला बयान

Assembly Election Results 2026: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार (5 मई) को कहा कि कांग्रेस में कुछ लोग और अन्य लोग टीएमसी की हार पर खुश हो रहे हैं। उन्हें यह स्पष्ट रूप से समझने की जरूरत है कि असम और बंगाल के जनादेश की चोरी भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने के अपने मिशन में BJP का एक बड़ा कदम है

अपडेटेड May 05, 2026 पर 2:30 PM
Story continues below Advertisement
Assembly Election Results 2026: असम और बंगाल में करारी हार के बाद राहुल गांधी ने बड़ा बयान दिया है

Assembly Election Results 2026: कांग्रेस के पूर्व प्रमुख और सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार (5 मई) को दावा किया कि असम और पश्चिम बंगाल में जनादेश की चोरी देश के लोकतंत्र को नष्ट करने के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मिशन के तहत उठाया गया बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह बात कांग्रेस के कुछ लोगों और उन दूसरे लोगों को अच्छी तरह समझने की जरूरत है जो पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की हार से खुश हो रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 206 सीटें जीतकर पहली बार सरकार बनाने जा रही है। उसने असम में जीत की हैट्रिक लगाई है। राहुल गांधी ने मंगलवार को X पर पोस्ट किया, "कांग्रेस में कुछ लोग और अन्य लोग टीएमसी की हार पर खुश हो रहे हैं। उन्हें यह स्पष्ट रूप से समझने की जरूरत है कि असम और बंगाल के जनादेश की चोरी भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने के अपने मिशन में भाजपा का एक बड़ा कदम है।"

उन्होंने कहा, "क्षुद्र राजनीति को किनारे रखें, यह किसी एक पार्टी या दूसरी पार्टी के बारे में नहीं है, यह भारत के बारे में है।" पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को दावा किया था कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने 100 सीटों की लूट की है। राहुल गांधी ने उनके दावे का समर्थन किया था और आरोप लगाया था कि निर्वाचन आयोग की मदद से BJP ने असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव की चोरी की है।


इससे पहले राहुल गांधी ने सोमवार को भी आरोप लगाया था कि पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी ने निर्वाचन आयोग की मदद से चुनाव की चोरी की है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस दावे का समर्थन किया कि पश्चिम बंगाल में 100 सीट की लूट की गई है।

गांधी ने X पर लिखा, "BJP द्वारा निर्वाचन आयोग के सहयोग से असम और बंगाल के चुनाव चोरी किए जाने के स्पष्ट मामले हैं। हम ममता जी से सहमत हैं। बंगाल में 100 से ज्यादा सीट चोरी हो गईं।" कांग्रेस सांसद ने कहा, "हमने पहले भी यह तरकीब देखी है।"

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मध्य प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और पिछले लोकसभा चुनाव में यह देखने को मिला था। उन्होंने कहा, "चुनाव चोरी, संस्था चोरी- अब और चारा ही क्या है!" राहुल गांधी ने जैसे ही ममता के सपोर्ट में ट्वीट किया यूजर्स उनको निशाने पर ले लिए।

राहुल गांधी के ताजा पोस्ट पर एक यूजर ने लिखा, "बहुत बढ़िया! कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ये समझ चुनाव नतीजे के बाद आई है! जब चंद और वोट की खातिर वो ममता बनर्जी और TMC के खिलाफ जमकर चुनाव प्रचार कर रहे थे, जब उनके वीडियो क्लिप बीजेपी हैंडल से शेयर हो रहे थे, तब समझना चाहिए था! खैर डेमोक्रेसी की सबकी अपनी अपनी समझ है। अलग अलग तरीके से अलग अलग समय पर सामने आती है!"

एक अन्य यूजर ने लिखा, "राहुल गांधी खुद पश्चिम बंगाल में घूम-घूमकर ममता बनर्जी पर 'आतंक का राज' चलाने का आरोप लगा रहे थे। तो क्या राहुल इस 'राहुल' के खिलाफ कोई कार्रवाई करेंगे?" भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में शानदार जीत दर्ज पूर्वी भारत के उस अहम गढ़ में प्रवेश कर लिया, जहां एक दशक से अधिक समय तक वह अपने विस्तार के बावजूद सेंध नहीं लगा पाई थी। यह निर्णायक जीत केवल चुनावी गणित तक सीमित नहीं है। बल्कि इसने राज्य में ममता बनर्जी के लंबे समय से चले आ रहे वर्चस्व को भी बड़ा झटका दिया है।

ये भी पढ़ें- West Bengal CM: पश्चिम बंगाल में इस तारीख को मिल जाएगा BJP का नया सीएम, पर वो कौन? इस बात पर सस्पेंस तेज

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।