कांग्रेस के पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी मिली है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अजीत पवार गुट से जुड़े जीशान सिद्दीकी को सोमवार को उनके निजी ईमेल पर जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस ईमेल में लिखा गया है कि, "जो तुम्हारे पिता के साथ हुआ, वही तुम्हारे साथ भी होगा।"
गौरतलब है कि जीशान सिद्दीकी के पिता, बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के नीलनगर इलाके में तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह हमला जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर हुआ था। धमकी देने वाले ने 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की है और चेतावनी दी है कि हर छह घंटे में ऐसे ईमेल भेजे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
जीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसकी जानकारी उन्होंने बांद्रा पुलिस को दी है। सीएनएन न्यूज़18 से बातचीत में उन्होंने कहा, "आज मुझे एक धमकी भरा मेल मिला है। मैंने तुरंत इसकी जानकारी बांद्रा पुलिस को दी। पुलिस की टीम मेरे घर आई और मेरा बयान दर्ज किया है।" उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल मेल की पूरी जानकारी साझा नहीं कर सकते, क्योंकि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और जीशान सिद्दीकी की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को उनके बेटे के ऑफिस के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले को तीन शूटरों ने अंजाम दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या के पीछे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई था, जो इस समय कनाडा में रह रहा है। बाबा सिद्दीकी पर हमला करने वाले शूटर, गुरमेल सिंह (हरियाणा से), धर्मराज कश्यप (उत्तर प्रदेश से) और शिव कुमार गौतम उर्फ शिवा थे। ये तीनों शूटर फिलहाल जेल में बंद हैं। पूछताछ में शिवा ने बताया कि यह हत्या बाबा सिद्दीकी के दाऊद इब्राहिम और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से कथित करीबी रिश्तों के कारण की गई। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और अनमोल की तलाश जारी है।