Bengaluru Stampede: RCB मैनेजमेंट ने भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए किया 10-10 लाख के मुआवजे का ऐलान

अपने स्टेटमेंट में उन्होंने लिखा, कल बेंगलुरु में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने आरसीबी परिवार को बहुत पीड़ा और दर्द पहुंचाया है। सम्मान और एकजुटता के संकेत के रूप में, आरसीबी ने मृतकों के ग्यारह परिवारों में से प्रत्येक को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की है

अपडेटेड Jun 05, 2025 पर 4:46 PM
Story continues below Advertisement
प्रशंसकों की सहायता के लिए RCB Cares नामक एक कोष भी बनाया गया है

Bengaluru Stampede: 4 मई को RCB के जीत के जश्न के बीच बैंगलोर में स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद RCB मैनेजमेंट और बैंगलोर प्रशासन की खूब आलोचना हुई। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों के परिवार वालों को 10-10 लाख का मुआवजा का ऐलान किया। अब मैनेजमेंट ने भी इस पर अपना ऑफिसियल स्टेटमेंट जारी किया है। टीम मैनेजमेंट ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है।

अपने स्टेटमेंट में उन्होंने लिखा, 'कल बेंगलुरु में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने आरसीबी परिवार को बहुत पीड़ा और दर्द पहुंचाया है। सम्मान और एकजुटता के संकेत के रूप में, आरसीबी ने मृतकों के ग्यारह परिवारों में से प्रत्येक को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की है। इसके अलावा, इस दुखद घटना में घायल हुए प्रशंसकों की सहायता के लिए RCB Cares नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है।हम जो कुछ भी करते हैं, उसके केंद्र में हमेशा हमारे प्रशंसक रहेंगे। हम दुख में एक साथ हैं।

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने लिया स्वतः संज्ञान

बैंगलोर भगदड़ मामले पर कर्नाटक उच्च न्यायालय ने गुरुवार को कहा कि मामले में महाधिवक्ता द्वारा एक रिपोर्ट दायर की गई है और रजिस्ट्री को इस स्वतः संज्ञान को स्वतः रिट याचिका के रूप में पंजीकृत करने का निर्देश दिया गया है। अदालत इस मामले पर 10 जून को आगे की सुनवाई करेगी।


कर्नाटक सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए

इस हादसे पर सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के जीत के जश्न के दौरान हुई दुखद भगदड़ की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। बेंगलुरु शहरी जिले के डिप्टी कमिश्नर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश की जाएगी, जिसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में अत्यधिक भीड़ के लिए माफी मांगी।

 क्या हुआ था?

बुधवार को बैंगलोर के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मच गई। स्टेडियम में आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत का जश्न मनाया जा रहा था। इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए। बैंगलोर प्रशासन ने 2 लाख लोगों के आने का अनुमान लगाया था लेकिन 3 से 4 लाख लोग आ गए और अफरातफरी मच गई। बता दें कि मंगलवार को आईपीएल फाइनल में आरसीबी द्वारा पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर 18 साल के लंबे इंतजार के बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने के बाद पूरे बेंगलुरु में जश्न का माहौल था। हालांकि, खुशी के इस पल में उस समय त्रासदी भी हुई जब क्रिकेट स्टेडियम के पास भगदड़ मच गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।