Bengaluru Crime: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हत्याकांड का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 40 साल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने मंगलवार (23 दिसंबर) शाम को बेंगलुरु में सड़क पर सरेआम अपनी अलग रह रही पत्नी को गोली मारकर हत्या कर दी। फिर उसने पिस्तौल लेकर पुलिस स्टेशन जाकर सरेंडर कर दिया। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी, 40 वर्षीय बालमुरुगन एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। मृतका की पहचान बालमुरुगन की पत्नी भुवनेश्वरी के रूप में हुई है।
पीड़िता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बसवेश्वरननगर ब्रांच में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर कार्यरत थीं। वह अपने दो बच्चों के साथ बेंगलुरु के राजाजीनगर में रहती थीं। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, पति और पत्नी दोनों तमिलनाडु के सेलम जिले के रहने वाले थे। आरोपी बालमुरुगन एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। पहले वह एक प्राइवेट फर्म में काम करता था। लेकिन पिछले चार सालों से वह बेरोजगार था। वह पहले बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड स्थित कैपजेमिनी में कार्यरत था।
कपल का विवाह 2011 में हुआ था। वैवाहिक कलह के कारण वे पिछले डेढ़ साल से अलग रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था। इसके कारण उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे। भुवनेश्वरी कानूनी रूप से अलग होना चाहती थीं, लेकिन आरोपी कथित तौर पर इसके लिए तैयार नहीं था। लगभग छह महीने पहले भुवनेश्वरी अपने बच्चों के साथ व्हाइटफील्ड से चली गई थी।
आरोपी को उनके ठिकाने की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने चार महीने पहले उसका पता लगाया। फिर वह केपी अग्रहारा क्षेत्र के चोलुरपाल्या में रहने लगा। लगभग एक सप्ताह पहले आरोपी को कथित तौर पर अपनी पत्नी से तलाक का नोटिस मिला। इससे नाराज मंगलवार शाम 6:30 से 7 बजे के बीच आरोपी कथित तौर पर अपनी पत्नी भुवनेश्वरी का इंतजार कर रहा था।
जब वह अपने कार्यालय से घर लौट रही थी इस दौरान आरोपी ने उसे गोली मार दी। गोली लगने के बाद भुवनेश्वरी को गंभीर हालत में शानबाग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद, आरोपी मगदी रोड पुलिस स्टेशन में गया। फिर वहां अपना जुर्म कबूल किया और आत्मसमर्पण कर दिया। मगदी रोड पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।