Bengaluru Police Inspector Bribery: बेंगलुरु में एक पुलिस इंस्पेक्टर को कथित तौर पर 4 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के एक दिन बाद, शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लोकायुक्त अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान उनके चीखने-चिल्लाने का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में वर्दी पहने इंस्पेक्टर गोविन्दराजु लगातार चिल्लाते और लोकायुक्त कर्मियों द्वारा उन्हें रोकने की कोशिश के बावजूद गिरफ्तारी का विरोध करते दिख रहे हैं।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, गोविन्दराजु केपी अग्रहारा पुलिस स्टेशन में तैनात थे। उन्हें 29 जनवरी को शहर में कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
इंस्पेक्टर ने पीड़ित से मांगे थे 5 लाख रुपये
मोहम्मद अकबर (42) की शिकायत के बाद इंस्पेक्टर को पकड़ा गया। अकबर ने आरोप लगाया कि गोविंदराजू ने केपी अग्रहारा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में मदद करने के बदले उससे 5 लाख रुपये की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर, लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत इंस्पेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से पहले ही 1 लाख रुपये ले लिए थे और शेष 4 लाख रुपये लेते समय उसे पकड़ा गया। आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज था और गोविंदराजू ने रिश्वत के बदले उसे जमानत दिलाने का प्रस्ताव दिया था।
पूर्व पुलिस कमिश्नर ने इस घटना की आलोचना की
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बेंगलुरु के पूर्व पुलिस कमिश्नर भास्कर राव ने कहा कि इस घटना ने पुलिस बल की प्रतिष्ठा को धूमिल किया है।
राव ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, “बेहद शर्मनाक व्यवहार। वर्दी में एक और अपमानजनक घटना। कर्नाटक में एक लाख से अधिक पुलिसकर्मी हैं, जो खाकी वर्दी में इस तरह की हरकतों से आहत महसूस करते हैं।”