जैसे-जैसे बेंगलुरु में तापमान बढ़ता जा रहा है, लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। इसी बीच एक महिला का अनोखा तरीका सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, जिसने गर्मी से बचने के लिए ऐसा कदम उठाया कि लोग हैरान भी हैं और रिलेट भी कर रहे हैं। प्रिया पाल नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह होटल के कमरे में आराम करती नजर आ रही हैं। वजह? सिर्फ AC की ठंडी हवा का मजा लेने के लिए उन्होंने अपने ही घर के पास एक होटल बुक कर लिया! हालांकि, बाद में प्रिया ने अपने इंस्टा अकाउंट से उस वीडियो को डिलीट कर दिया।
वीडियो में दिखाया गया था कि बाहर की तेज गर्मी से बचने के लिए उन्होंने यह रास्ता चुना। प्रिया ने बताया कि पहले उन्हें उम्मीद थी कि बारिश होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जब उन्होंने कूलर या AC खरीदने की कोशिश की, तो सब कुछ आउट ऑफ स्टॉक मिला और डिलीवरी में करीब 7 दिन का समय लग रहा था।
इतना ही नहीं, उनके इलाके में कूलिंग डिवाइस किराए पर लेना भी मुश्किल था, क्योंकि डिमांड बहुत ज्यादा थी। ऐसे में उन्होंने ऑनलाइन कूलर तो ऑर्डर कर दिया, लेकिन तब तक के लिए रविवार का दिन होटल में बिताने का फैसला कर लिया।
उन्होंने बताया कि बाहर जाने के बजाय उन्होंने होटल में ही रहकर Netflix देखा, आराम किया और गर्मी से राहत ली और उनके मुताबिक, यह फैसला सही साबित हुआ।
वीडियो के कैप्शन में प्रिया ने लिखा कि अब AC के बिना रहना मुश्किल हो गया है। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। कई लोग उनकी स्थिति से खुद को जोड़ पाए, तो कुछ लोगों ने इस जुगाड़ को मजेदार बताया।
कमेंट सेक्शन में भी दिलचस्प प्रतिक्रियाएं आईं
एक यूजर ने लिखा, “AC खरीद लेना ज्यादा बेहतर होता।” दूसरे ने कहा, “जिंदगी में इतना ही पैसा चाहिए।”
वहीं एक और यूजर ने मजाक में लिखा, “मैं तो पावर कट होने पर ऐसा करने का सोचता हूं!”
कुल मिलाकर, बढ़ती गर्मी और सीमित विकल्पों के बीच यह अनोखा ‘कूलिंग जुगाड़’ अब इंटरनेट पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।