Leopard Attack on Woman : उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, यहां रविवार की शाम तेंदुए का आतंक देखने को मिला है। बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र में जंगल गई एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया और उसे मार डाला। महिला खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। इसी दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए हमले के दौरान महिला का सिर खा गया है। महिला के साथ उसका बच्चा भी गया था, जो किसी तरह जान बचाकर गांव लौट आया और लोगों को घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू शुरू कर दिया है। बच्चे की जानकारी पर परिजन उसकी तलाश के लिए जंगल की ओर गए, जहां महिला का शव लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। तेंदुए ने महिला के सिर और कंधे का हिस्सा खा लिया था। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जंगल में चारा लेने गई थी महिला
बता दें कि बिजनौर के गांव सब्दलपुर तेली गांव की 45 वर्षीय महिला समीना अपने पति अनीस के साथ रहती थी। रविावर की शाम वो एक बच्चे के साथ जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। जंगल में समीना पगडंडी के पास बैठकर घास काट रही थी इसी दौरान तेंदुए ने महिला पर हमल कर दिया। इस घटना की जानकारी बच्चे ने गांव के लोगों की दी।इसके बाद गांव के लोग जंगल की ओर दौड़े और पुलिस को भी सूचना दी।
वहीं महिला की लाश देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए और गुस्से में हंगामा करने लगे। जब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठाने की कोशिश की गई, तो लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए वन विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे।ग्रामीणों और किसान यूनियन के लोग पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करने लगे। अफसरों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।