Bilaspur Train Accident: 'यात्री ट्रेन का रेड सिग्नल पार करना दुर्घटना का कारण हो सकता है', बिलासपुर रेल हादसे पर रेलवे बोर्ड

Bilaspur Train Accident: रेलवे बोर्ड के एक प्रेस नोट में कहा गया है कि शुरूआती आकलन के अनुसार, पैसेंजर ट्रेन की तरफ से खतरे के सिग्नल को पार करना हादसे का कारण हो सकता है। रेलवे ने कहा कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी और लोकल ट्रेन के बीच टक्कर की दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। इसमें आठ लोगों की मौत हो गई

अपडेटेड Nov 04, 2025 पर 11:12 PM
Story continues below Advertisement
Bilaspur Train Accident: एक सवारी गाड़ी और मालगाड़ी के बीच हुई भीषण टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई

Bilaspur Train Accident News: छत्तीसगढ़ में बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास एक पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी के बीच हुई भीषण टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे के कुछ घंटों बाद रेलवे बोर्ड ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि यात्री ट्रेन के रेड सिग्नल पार कर जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टक्कर मंगलवार शाम करीब चार बजे हुई। इस वक्त MEMU (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) यात्री ट्रेन पड़ोसी कोरबा जिले के गेवरा से बिलासपुर जा रही थी। गतोरा और बिलासपुर स्टेशनों के बीच यह मालगाड़ी से पीछे से टकरा गया।

रेलवे बोर्ड के एक प्रेस नोट में कहा गया, "रेलवे अधिकारियों के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, MEMU ट्रेन की तरफ से खतरे के सिग्नल को पार करना इसका कारण हो सकता है।" प्रेस नोट में कहा गया है, "आज (4 नवंबर) बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी और लोकल ट्रेन के बीच टक्कर की दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। रेल प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए तुरंत कार्रवाई की है।"

वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। नोट में कहा गया है कि घायलों को पास के अस्पतालों में भेज दिया गया है। रेलवे बोर्ड के अनुसार, मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को पांच लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है।


रेलवे बोर्ड ने कहा, "रेलवे प्रशासन प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। जल्द से जल्द राहत उपाय सुनिश्चित करने के लिए जिला अधिकारियों और मेडिकल टीमों के साथ लगातार बातचीत किया जा रहा है।" इसमें कहा गया है, "घटना की विस्तृत जांच कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी के स्तर पर की जाएगी। ताकी सटीक कारण का पता लगाया जा सके और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की सिफारिश की जा सके।"

बोर्ड ने कहा, "यात्री और उनके परिजन आवश्यक जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। रेल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। प्रभावितों को हर संभव राहत और सहायता सुनिश्चित कर रहा है।"

अधिकारियों ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता कर रहा है।

ये भी पढ़ें- बिलासपुर ट्रेन हादसे के बाद मची चीख-पुकार, जिंदा बची महिला ने बताई आंखों देखा हाल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर दुख जताया है। साय ने x पर लिखा, "बिलासपुर के पास ट्रेन दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है। बिलासपुर जिला कलेक्टर से जानकारी लेकर उन्हें हरसंभव सहायता और राहत कार्य संबंधित निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।