बर्थडे पार्टी का हुआ दर्दनाक अंत, मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई BMW कार, हादसे में 2 की मौत

Mumbai-Delhi Expressway Accident: जन्मदिन की पार्टी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बीते रविवार तड़के बदलापुर के पास निर्माणाधीन मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार BMW कार हादसे का शिकार हो गई।

अपडेटेड Jun 22, 2026 पर 11:11 AM
मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराई BMW कार

Mumbai-Delhi Expressway Accident: जन्मदिन की पार्टी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बीते रविवार तड़के बदलापुर के पास निर्माणाधीन मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार BMW कार हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहा उनका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। गाड़ी टिटवाला से बदलापुर की ओर जा रही थी, तभी एरांजाद इलाके के पास तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे लोहे के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार लगभग 200 मीटर दूर जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मरने वालों की हुई पहचान


हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बदलापुर (पश्चिम) के रहने वाले योगेश नेगी (26) - जो अपना जन्मदिन मना रहे थे, और बांद्रा की रहने वाली रेबेका जैकब (24) के तौर पर हुई है। वहीं, BMW के मालिक, जिनकी पहचान सिर्फ बदलापुर के अंगद के तौर पर हुई है, वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और अभी कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

अभी यह साफ नहीं है कि टक्कर के समय कार के एयरबैग खुले थे या नहीं और क्या उनसे उनकी जान बचने में मदद मिली।

तेज रफ्तार बनी मौत की वजह

बता दें कि बन रहे एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की एंट्री रोकने के लिए कई जगहों पर सीमेंट के बैरिकेड लगाए गए हैं। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को शक है कि तेज रफ्तार BMW ने शायद ऐसे ही एक कंक्रीट बैरिकेड से बचने की कोशिश की होगी, जिसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी पर से कंट्रोल खो दिया और गाड़ी सेंट्रल डिवाइडर से टकरा गई।

माना जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और डिवाइडर के दो हिस्सों के बीच जाकर रुकी।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

हालांकि, बदलापुर के पास मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे का एक बड़ा हिस्सा बनकर तैयार हो गया है, लेकिन इसे अभी आम जनता के लिए नहीं खोला गया है क्योंकि कॉरिडोर के बाकी हिस्सों का निर्माण कार्य अभी भी चल रहा है। वहीं, पुलिस इस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा विवाद: SIT का सख्त आदेश...जांच पूरी होने तक अयोध्या न छोड़ें ट्रस्ट के लोग

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।