Bypoll Elections Results 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल को पहली बार जीत का स्वाद चखने को मिला है। गुजरात में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सोमवार (23 जून) को हुई मतगणना में विसावदर सीट पर AAP उम्मीदवार गोपाल इटालिया विसावदर जीत गए हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राजेंद्र चावड़ा ने कडी में जीत दर्ज की है। कडी सीट पर राजेंद्र चावडा ने कांग्रेस उम्मीदवार रमेशभाई चावड़ा को 39,452 वोटों से हराया है। जबकि, विसावदर सीट पर AAP के गोपाल इटालिया 17,554 वोटों से जीते हैं।
पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा आगे हैं। वह लगभग जीत के करीब पहुंच गए हैं। 14 में 12वें राउंट की गिनती के बाद संजीव अरोड़ा 8,697 वोटों से आगे चल रहे हैं। AAP विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के जनवरी में निधन के बाद लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट खाली हो गई थी इसलिए वहां चुनाव आवश्यक हो गया था।
विपक्षी दल कांग्रेस ने पूर्व मंत्री और पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु पर दांव लगाया। अरोड़ा के विधायक बनते ही उन्हें राज्यसभा सीट छोड़नी होगी, जिससे यह सीट खाली हो जाएगी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेज सकती है।
केरल की नीलांबुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के उम्मीदवार शौकत आर्यदान ने जीत दर्ज की है। उन्होंने केरल के सीएम पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के उम्मीदवार एम. स्वराज को 11,077 वोटों से हरा दिया है। शौकत के स्वराज पर बढ़त हासिल करने पर नीलांबुर और केरल के कुछ हिस्सों में यूडीएफ खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई।
कांग्रेस नेता और केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने उपचुनाव में चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व किया था। उन्होंने कहा कि UDF 2026 में सत्ता हासिल करेगा। नीलांबुर सीट विधायक पीवी अनवर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जहां सत्तारूढ़ एलडीएफ और यूडीएफ के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 19 जून को हुए थे। गुजरात, पश्चिम बंगाल और पंजाब में मौजूदा विधायकों के निधन के कारण एक-एक सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। जबकि केरल और गुजरात में दो विधायकों के इस्तीफे के कारण मतदान कराया गया।
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में कालीगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना जारी है। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार 29,749 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि सात दौर की गणना के बाद तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अलीफा अहमद को 59,329 वोट हासिल हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा समर्थित कांग्रेस के उम्मीदवार काबिल उद्दीन शेख ने 19,516 वोट हासिल किए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशीष घोष दूसरे स्थान पर हैं जिन्हें 29,580 वोट हासिल हुए।
अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना सुबह 8 बजे डाक मतपत्रों की गिनती के साथ शुरू हुई। गणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। फरवरी में तृणमूल कांग्रेस के विधायक नसीरुद्दीन अहमद के अचानक निधन के कारण कालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। उनकी बेटी अलीफा अहमद को तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर इस सीट से उतारा गया है।