G7 समिट में शामिल होंगे पीएम मोदी, कनाडा के प्रधानमंत्री ने फोन कर दिया न्योता

G7 Summit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से फोन पर बातचीत की, जिसमें उन्होंने उन्हें चुनाव में जीत की बधाई दी और इस महीने के अंत में कनानसकीस में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए मिले न्योते पर धन्यवाद कहा

अपडेटेड Jun 06, 2025 पर 9:10 PM
Story continues below Advertisement
PM Modi To G7 Summit : G7 समिट 15 और 16 जून को कनाडा में होने वाली है।

G7 Summit : दुनिया के सात सबसे ताकतवर देशों की मीटिंग यानी G7 समिट 15 और 16 जून को कनाडा में होने वाली है। इस सम्मेलन में अमेरिका, फ़्रांस, ब्रिटेन, जापान, इटली, जर्मनी और कनाडा के शीर्ष नेताओं की भागीदारी होगी। वहीं कनाडा में होने वाले इस समिट में भारत को आमंत्रित किया गया है। कना़डा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पीएम मोदी को फोनकर जी-7 में शामिल होने का न्योता दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी-7 समिट में शामिल होने पर सहमति भी जता दी है।

बता दें कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से फोन पर बातचीत की, जिसमें उन्होंने उन्हें चुनाव में जीत की बधाई दी और इस महीने के अंत में कनानसकीस में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए मिले न्योते पर धन्यवाद कहा। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पीएम मोदी ने लिखा कि, उन्हें मार्क कार्नी का कॉल प्राप्त कर खुशी हुई और जी7 सम्मेलन के निमंत्रण के लिए धन्यवाद भी दिया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और कनाडा दोनों जीवंत लोकतंत्र हैं, जो लोगों के बीच मजबूत रिश्तों से जुड़े हैं और आगे भी आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर मिलकर काम करते रहेंगे।'


भारत-कनाडा संबंधों के लिए महत्वपूर्ण कदम

बता दें कि दोनों देशों के बीच ये बातचीत मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। क्योंकि  बीते एक साल के अंदर कनाडा और भारत के रिश्ते अपने बुरे दौर से गुजर रहे हैं। साल 2023 में तत्कालीन कनाडाई पीएम जस्टिन ट्रूडो ने ये आरोप लगाया था कि ख़ालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की भागीदारी थी। हालांकि, कनाडा ने इसे लेकर कोई भी सबूत नहीं पेश किए थे और भारत ने ये आरोप ख़ारिज कर दिए थे। इन आरोपों के बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।