तुर्की एयरलाइंस के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने शुक्रवार को इंडिगो को तीन महीने के भीतर तुर्की एयरलाइंस के साथ विमान लीज समझौता खत्म करने को कहा। यह कार्रवाई सरकार की ओर से तुर्की की कंपनी सेलेबी एविएशन की सुरक्षा मंजूरी रद्द करने के कुछ हफ्ते बाद की गई है, जो दिल्ली सहित भारत के नौ प्रमुख हवाई अड्डों पर सर्विस प्रोवाइड करती थी।
एक आधिकारिक बयान में DGCA ने बताया कि एयरलाइन वर्तमान में तुर्की एयरलाइंस से डैम्प लीज के तहत दो B777-300ER विमानों का परिचालन कर रही है, जिसकी अनुमति 31 मई तक दी गई थी। इसमें कहा गया कि IndiGo को छह महीने के लिए और विस्तार देने के अनुरोध को नामंजूर कर दिया गया।
DGCA के आधिकारिक बयान में कहा गया है, "हालांकि, उड़ान में तत्काल रुकावट के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा से बचने के लिए, इंडिगो को इन डैम्प लीज्ड विमानों के लिए 31.08.2025 तक तीन महीने का एकमुश्त अंतिम विस्तार दिया गया है, जो एयरलाइन की इस वचन पर आधारित है कि, वे इस एक्सटेंशन पीरियड के भीतर तुर्की एयरलाइन के साथ डैम्प लीज को खत्म कर देंगे, और इन ऑपरेशन के लिए कोई और विस्तार नहीं मांगेंगे।"
भारत ने तुर्की की सेलेबी एविएशन की सुरक्षा मंजूरी रद्द की
22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद तुर्की के पाकिस्तान को समर्थन दिए जाने के बाद, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने 15 मई को राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित चिंताओं का हवाला देते हुए तुर्की की फर्म सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी।
कई ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टलों और उद्योग संघों ने भी लोगों से तुर्की की यात्रा से बचने का आग्रह करते हुए एडवाइजरी जारी की है।