Suvendu Adhikari: सुवेंदु अधिकारी के पूर्व पीए की भी इस हाल में हुई थी मौत, चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद फिर चर्चा में आया ये मामला

2013 में जब सुवेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में थे और तमलुक से सांसद के रूप में काम कर रहे थे, तब उनके निजी सहायक प्रदीप झा संदिग्ध हालत में मिले थे। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदीप झा को कोलकाता के स्ट्रैंड रोड पर एक फुटपाथ के पास बेहोशी की हालत में पाया गया था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रदीप झा उस समय सुवेंदु अधिकारी के लिए चुनावी कामकाज और कार्यालय प्रबंधन संभालते थे

अपडेटेड May 07, 2026 पर 3:43 PM
Story continues below Advertisement
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या ने बंगाल की सियासत में हलचल मचा दी है।

बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या ने बंगाल की सियासत में हलचल मचा दी है। चंद्रनाथ राजनीति में कोई जाना-पहचाना चेहरा नहीं थे, भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल के संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी थे। वहीं चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद एक पुराना मामला फिर चर्चा में आ गया है। यह मामला सुवेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक प्रदीप झा की रहस्यमयी मौत से जुड़ा है, जो साल 2013 में कोलकाता में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे।

च्रंदनाथ रथ की गोली मारकर हत्या

चंद्रनाथ रथ, पिछले कुछ वर्षों में सुवेंदु अधिकारी के सबसे भरोसेमंद राजनीतिक सहयोगियों में गिने जाने लगे थे। बुधवार देर रात मध्यमग्राम में उनके घर के पास गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। अब तक की जांच में पुलिस को शक है कि यह हमला पहले से पूरी योजना बनाकर किया गया था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, हमलावर कई दिनों से चंद्रनाथ रथ की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसके बाद उन्होंने उनकी एसयूवी को रास्ते में रोका और बेहद करीब से गोलीबारी की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


2013 में भी सुवेंदु के निजि सहायक की हुई थी मौत

इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। खास बात यह है कि यह पहला मौका नहीं है, जब सुवेंदु अधिकारी के किसी करीबी सहयोगी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई हो। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2013 में जब सुवेंदु अधिकारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में थे और तमलुक से सांसद के रूप में काम कर रहे थे, तब उनके निजी सहायक प्रदीप झा संदिग्ध हालत में मिले थे। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदीप झा को कोलकाता के स्ट्रैंड रोड पर एक फुटपाथ के पास बेहोशी की हालत में पाया गया था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रदीप झा उस समय सुवेंदु अधिकारी के लिए चुनावी कामकाज और कार्यालय प्रबंधन संभालते थे। उनकी उम्र उस समय सिर्फ 42 साल थी।

दम घुटने का कराण हुई थी मौत

उस समय सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक, जांच के दौरान प्रदीप झा के पेट में शराब के अंश मिले थे। साथ ही उनकी सांस की नली में खाने के कण फंसे पाए गए थे, जिसके बाद दम घुटने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, उनकी मौत को आधिकारिक तौर पर हत्या नहीं माना गया था, लेकिन राजनीति से उनके करीबी संबंधों की वजह से इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए थे।

2018 में हुई थी बॉडीगार्ड की मौत 

अब चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद एक बार फिर सुवेंदु अधिकारी के करीबी लोगों से जुड़ी रहस्यमयी घटनाएं चर्चा में आ गई हैं। रथ और प्रदीप झा के अलावा, सुवेंदु अधिकारी के निजी अंगरक्षक सुभब्रत चक्रवर्ती की भी साल 2018 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने पूर्वी मिदनापुर के एक पुलिस बैरक में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।