छत्तीसगढ़: खल्लारी माता मंदिर के पास टूटा रोपवे का केबल, ट्रॉली गिरने से महिला श्रद्धालु की मौत, 7 घायल

Chhattisgarh Accident: अधिकारियों ने बताया कि रविवार (22 मार्च) को छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक माता मंदिर से नीचे उतरते समय रोपवे की एक ट्रॉली के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि 7 अन्य घायल हो गए। 8 यात्रियों को लेकर नीचे बेस की ओर आ रही ट्रॉली का केबल अचानक से टूट गया

अपडेटेड Mar 22, 2026 पर 4:30 PM
Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ के खल्लारी माता मंदिर के पास रोपवे ट्रॉली का केबल टूटने से बड़ा हादसा हो गया

Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार (22 मार्च) को पहाड़ी पर स्थित खल्लारी माता मंदिर से नीचे उतर रही रोपवे ट्रॉली अचानक हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि खल्लारी माता मंदिर के पास रोपवे की ट्रॉली अचानक टूटकर गिर गई। इस हादसे में महिला श्रद्धालु की जान चली गई। हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह 10 बजे के आसपास उस समय की है। इस दौरान आठ श्रद्धालुओं को लेकर माता मंदिर के आधार स्थल की ओर उतर रही रोपवे ट्रॉली का केबल अचानक टूट गया। उन्होंने बताया कि ये लोग नवरात्रि उत्सव के दौरान बागबाहरा क्षेत्र के खल्लारी गांव में स्थित खल्लारी माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे।

अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि रायपुर निवासी 28 वर्षीय आयुषी सतकार की मौत हो गई। जबकि सात अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि घायल भक्तों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय पुलिस और मंदिर प्रशासन ने फंसे हुए और घायल श्रद्धालुओं को निकालने के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।


पीड़ितों को महासमुंद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को रायपुर स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की जांच जारी है। घायलों में रायपुर और महासमुंद के निवासी शामिल हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक रतनलाल नागेश्वर (65), हेमिन नागेश्वर (62), हेमलाल नागेश्वर (38), कुंती नागेश्वर (35), पूर्वी नागेश्वर (7), टिया (3) और अमलेश (30) घायल हैं। ये सभी टिकरापारा के निवासी हैं। स्थानीय प्रशासन ने केबल टूटने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि रोपवे सिस्टम में कोई तकनीकी खराबी आई थी। इस माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ रहती है।

इस बीच, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया। सीएम ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को हर संभव बेहतरीन इलाज मुहैया कराया जाए। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना की उच्च-स्तरीय जांच के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि लापरवाही के दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Bilal Arif Sarafi: कौन था लश्कर कमांडर बिलाल आरिफ? पाकिस्तान में ईद के दिन 'धुरंधर' स्टाइल में आतंकी की हत्या

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।