CJ Roy Death: 9 पेज का सुसाइड नोट मिला, परिवार से मांगी माफी और बिजनेस प्लानिंग की दी जानकारी

नोट की शुरुआत में रॉय ने अपने परिवार से माफी मांगी है और अपने इस कदम के लिए उनसे क्षमा करने की बात कही है। उन्होंने इसे अपना “आखिरी कदम” बताया। नोट में भावनात्मक तनाव साफ झलकता है, लेकिन जांचकर्ताओं का कहना है कि इसकी भाषा व्यवस्थित और स्पष्ट है, जिसमें निजी और पेशेवर मामलों से जुड़ी पूरी जानकारी दी गई है

अपडेटेड Feb 02, 2026 पर 7:06 PM
Story continues below Advertisement
CJ Roy Death: 9 पेज का सुसाइड नोट मिला, परिवार से मांगी माफी और बिजनेस प्लानिंग की दी जानकारी

बेंगलुरु के कारोबारी सीजे रॉय का लिखा गया नौ पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है, जिन्होंने इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी के दौरान आत्महत्या कर ली थी। यह नोट अब चल रही जांच का मुख्य केंद्र बिंदु है। हाथ से लिखे इस नोट में रॉय की व्यक्तिगत, वित्तीय और कारोबार की विस्तृत जानकारी है, जो जांचकर्ताओं को उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में अहम सुराग देगा है। इस मामले की जांच के लिए बनाई गई SIT इस नोट की गहन जांच कर रही है।

न्यूजफर्स्ट प्राइम की रिपोर्ट के अनुसार, नोट की शुरुआत में रॉय ने अपने परिवार से माफी मांगी है और अपने इस कदम के लिए उनसे क्षमा करने की बात कही है। उन्होंने इसे अपना “आखिरी कदम” बताया। नोट में भावनात्मक तनाव साफ झलकता है, लेकिन जांचकर्ताओं का कहना है कि इसकी भाषा व्यवस्थित और स्पष्ट है, जिसमें निजी और पेशेवर मामलों से जुड़ी पूरी जानकारी दी गई है।

बताया गया है कि रॉय ने नोट में अपने वित्तीय मामलों का भी जिक्र किया है। इसमें यह बताया गया है कि किसे कितना पैसा देना है और किससे पैसा लेना है। साथ ही, उन्होंने अपनी मौत के बाद अपने बिजनेस को संभालने के लिए उत्तराधिकारियों के नाम भी साफ तौर पर लिखे हैं। उन्होंने यह भी अपील की है कि कॉन्फिडेंट ग्रुप में लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों को हटाया न जाए, क्योंकि वे भरोसेमंद साथी हैं और संगठन के साथ बने रहने चाहिए।


पुलिस ने बताया कि जांच के तहत रॉय की पत्नी और बच्चों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच अधिकारियों का मानना है कि नोट में दी गई वित्तीय जानकारी से कई दावों की पुष्टि करने और घटनाओं की सही समय-रेखा तय करने में मदद मिलेगी।

सूत्रों के मुताबिक, रॉय ने पहले भी अपनी पत्नी से कई वित्तीय मामलों पर चर्चा की थी, खासकर दूसरों को दिए गए पैसों को लेकर। उन्होंने हाल ही में एक यूट्यूब इंटरव्यू में भी इन बातों का जिक्र किया था और कहा था कि उनकी पत्नी उनके कई बिजनेस सौदों से परिचित हैं। इसी कारण, अंतिम संस्कार के बाद SIT अधिकारी उनसे विस्तार से पूछताछ कर सकते हैं, क्योंकि उन्हें रॉय के वित्तीय रिकॉर्ड और कारोबारी कामकाज की अच्छी जानकारी है।

रॉय की मौत शुक्रवार दोपहर को हुई, जब उनके ठिकानों पर आयकर विभाग की जांच चल रही थी। पुलिस के अनुसार, केरल की आयकर टीम पिछले तीन दिनों से तलाशी अभियान चला रही थी। घटना वाले दिन रॉय से करीब एक घंटे तक पूछताछ हुई और उनसे कुछ वित्तीय दस्तावेज पेश करने को कहा गया। इसके बाद उन्होंने कागजात लाने के लिए अपने निजी कक्ष में जाने की अनुमति मांगी।

कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पुलिस के मुताबिक, रॉय ने अपनी निजी पिस्तौल से खुद को सीने में गोली मार ली। मौके पर मौजूद आयकर अधिकारी उन्हें तुरंत नारायणा अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमंत कुमार सिंह ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि फॉरेंसिक, क्राइम और सीन ऑफ क्राइम टीमों ने मौके की जांच की है। उन्होंने कहा, “उन्होंने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। यह जांच की जा रही है कि किस पिस्तौल का इस्तेमाल हुआ और कितनी गोलियां चलाई गईं। आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद दी जाएगी।”

बड़ी संख्या में महिलाएं बन रहीं सुसाइड बॉम्बर, पाकिस्तान में बलूच विद्रोह के नए चेहरे की पूरी कहानी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।