CJ Roy Suicide Case: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के रियल एस्टेट टाइकून सीजे रॉय ने कथित तौर पर शुक्रवार (31 जनवरी) दोपहर को अपने ऑफिस में आत्महत्या कर ली। उन्होंने तब खुदकुशी की, जब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की जांच चल रही थी। गहन तलाशी अभियान सुबह जल्दी शुरू हुआ था और पूरे दिन जारी रहा। घटना के बाद रॉय के भाई सीजे बाबू ने CNN News18 को बताया कि सीजे रॉय इनकम टैक्स की रेड को लेकर परेशान थे। उन्होंने बताया कि भाई ने पिछले दिन सुबह 10.40 बजे अपने भाई से बात की थी।
उन्होंने बताया कि रॉय ने करीब 30 मिनट तक रेड के बारे में बात की, जो तीन दिनों से चल रही थी। बाबू रॉय ने कहा कि उनके भाई पर कोई लोन नहीं था। उनको कोई धमकी नहीं दी गई थी। कोई दूसरी समस्या भी उन्हें नहीं थी। सूत्रों के मुताबिक, गोली चलने की आवाज आने पर रिचमंड सर्कल के पास स्थित कार्यालय के कमरे में बाकी कर्मचारी पहुंचे, जहां राय लाइसेंसी बंदूक से चली गोली से जख्मी मिले। राय को तुंरत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाबू रॉय ने कहा, "मैंने कल सुबह 10.40 बजे उनसे बात की थी। उन्होंने मुझे दो बार कॉल किया और हमने करीब 30 मिनट बात की। उन्होंने मुझे इनकम टैक्स रेड के बारे में बताया, जो तीन दिनों से चल रही थी। उन्होंने कहा कि वह जांच को लेकर चिंतित हैं। मैं देश में नहीं था, इसलिए उन्होंने मुझे आज शाम 7 बजे सब कुछ डिस्कस करने के लिए मिलने को कहा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।"
उन्होंने आगे कहा कि रॉय ने शाम 7 बजे उनसे मिलने और मामलों पर चर्चा करने का प्लान बनाया था। लेकिन वह मीटिंग कभी नहीं हुई। बाबू रॉय ने कहा कि उन्हें एक स्टाफ मेंबर ने बताया जो रो रहा था। उसने उन्हें इस घटना के बारे में बताया।
बाबू रॉय ने यह भी कन्फर्म किया कि उस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के दौरान सिर्फ इनकम टैक्स अधिकारी मौजूद थे। कोई दूसरी एजेंसी शामिल नहीं थी। बाबू रॉय ने कहा, "उस समय, सिर्फ इनकम टैक्स अधिकारी मौजूद थे, कोई दूसरी एजेंसी नहीं। इनकम टैक्स के असिस्टेंट कमिश्नर, मिस्टर कृष्णप्रसाद को जवाब देना होगा कि ऐसा क्यों हुआ। मैं पहले परिवार और दूसरों से मिलूंगा। फिर मैं बेहतर स्थिति में रहूंगा कि हम कोई शिकायत करें या नहीं। मैं अभी सीधे परिवार से मिलने जा रहा हूं।"
आयकर सूत्रों ने बताया कि रॉय के परिसर में तलाशी करीब दो महीने पहले शुरू हुई थी। सिंह ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पत्रकारों को बताया, "आज अशोक नगर पुलिस थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना घटी। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि 'कॉन्फिडेंट ग्रुप' के अध्यक्ष और संस्थापक राय ने आत्महत्या कर ली है। उनका शव एचएसआर लेआउट स्थित नारायण अस्पताल में है।"
सिंह ने बताया कि यह घटना दोपहर तीन बजे से साढ़े तीन बजे के बीच घटी। कॉन्फिडेंट ग्रुप के निदेशक ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। सिंह ने कहा, "हमारी प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन दिनों से तलाशी जारी है। आयकर विभाग की टीम आज भी उनसे पूछताछ कर रही थी। जांच से ही पता चलेगा कि वास्तव में क्या हुआ था।"
जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मामले को आत्महत्या के लिए उकसाने के रूप में माना जा सकता है, तो उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ेगी। इसी बीच, एक मलयालम न्यूज चैनल से फोन पर बात करते हुए राय के भाई ने आरोप लगाया कि रॉय ने केंद्रीय एजेंसी के दबाव में आकर यह कदम उठाया होगा।
रॉय के भाई ने कहा, "मुझे नहीं पता कि आयकर विभाग ने उन्हें कैसे परेशान किया। उन्हें जवाब देना होगा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि राय ने ऐसा कदम उठाया। पिछले तीन-चार दिनों से उन पर दबाव था। मैं उन्हें शांत करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मैंने कभी नहीं सोचा था कि वे ऐसा कुछ करेंगे।" उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि उन्होंने (आयकर विभाग) उन पर क्या दबाव डाला, लेकिन मैंने अपने छोटे भाई को खो दिया है।"