CJP Team Attacked Video: राजस्थान के जयपुर जिले के बगरू क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनके कार्यकर्ताओं पर बगरू गांव में ग्रामीणों ने हमला कर दिया और पूरी टीम को दौड़ा लिया। सीजेपी की टीम अपने 'स्कूल ठीक करो' अभियान को लेकर इस इलाके के एक खस्ताहाल स्कूल की जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान उनपर लोकल लोगों ने हमला कर दिया।
न्यूज एजेंसी पीटीआई द्वारा जारी वीडियो में देखा जा सकता है सीजेपी कार्यकर्ता आगे बढ़ रहे हैं। तभी वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक लिया और उन पर हमला किया। लोगों ने सीजेपी टीम को वापस जाने पर मजबूर कर दिया।
बहस के बाद बढ़ी हिंसक झड़प, कार के शीशे तोड़े
प्रत्यक्षदर्शियों और रिपोर्ट के मुताबिक बगरू गांव पहुंचे सीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के बीच पहले तीखी बहस और आमना-सामना हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने कार्यकर्ताओं को धक्का देकर पीछे धकेल दिया। आक्रोशित लोगों ने सीजेपी टीम की गाड़ियों पर हमला बोल दिया और उनके शीशे पूरी तरह से तोड़ दिए।
भैंस के तबेले में चल रहा है स्कूल- आशुतोष रांका का बड़ा दावा
इस घटना के बाद सीजेपी के आशुतोष रांका ने बताया कि उनकी टीम रामपुरा-कंवरपुरा गांव में स्कूल की जांच करने गई थी। उनका दावा है कि पिछले कई सालों से यह स्कूल एक भैंस के तबेले में चल रहा है। रांका ने बताया कि पिछले साल भी उन लोगों ने स्कूल की जांच की थी, तब भी ये तबेले से ही चल रहा था।
सीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं पर भी हमले का दावा
आशुतोष रांका के मुताबिक उनकी टीम पर भयावह हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उन पर पत्थरों से हमला किया। रांका ने बताया कि टीम की गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए गए और कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन तोड़ दिए गए। दावे के मुताबिक सीजेपी टीम में शामिल एक महिला कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई,जबकि आशुतोष रांका की शर्ट भी फाड़ दी गई। हमले के दौरान टीम के एक सदस्य के हाथ में फ्रैक्चर आ गया है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को 48 घंटे का अल्टीमेटम, इस्तीफे की मांग
इस घटना के बाद आशुतोष रांका ने राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर निशाना साधा और उन्हें खुला अल्टीमेटम दे दिया है। रांका ने कहा कि 'आज का दिन राजस्थान के लोकतांत्रिक इतिहास में एक काला दिन है। मैं मदन दिलावर से बस एक ही बात कहना चाहता हूं। आपके पास 48 घंटे हैं। इन गुंडों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। आप उस आदेश को वापस लें, वरना हम पूरे राजस्थान में राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेंगे। इस बार यह सिर्फ स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा, इस बार हम मदन दिलावर के इस्तीफे की मांग करेंगे।'
सरकार ने लगाई थी स्कूल में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक
रांका के इस प्रस्तावित दौरे से पहले ही राजस्थान सरकार ने एक आदेश जारी कर राज्य के स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी। इससे पहले सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को राज्य के सभी जर्जर स्कूलों को ठीक करने की खुली चुनौती दी थी।