Cold wave alert: इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने गुरुवार (8 जनवरी) को उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने यह भी अनुमान लगाया गया है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-NCR और यूपी सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे की चादर छा जाएगी। उत्तर भारत के कई जगहों पर लगातार ठंड की लहर की स्थिति को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसमें जम्मू और कश्मीर भी शामिल है।
IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने मौसम के पूर्वानुमान के बारे में कहा, "एक पूरी परत है, जिसे हम साफ बादलों की घनी कोहरे की परत कह सकते हैं। इसकी वजह से सूरज की रोशनी सीधे धरती पर नहीं पहुंच रही है। नतीजतन, दिन का तापमान सामान्य से कम है। इसीलिए हमने कुछ राज्यों के लिए ठंडे दिन की चेतावनी जारी की है।"
उन्होंने आगे कहा, "खासकर, अगर हम पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और यहां तक कि बिहार की बात करें, तो हमने अगले दो से तीन दिनों के लिए ठंडे दिन की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, कुछ जगहों पर सुबह का तापमान भी 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम है।।"
जम्मू-कश्मीर में स्कूल अब 1 मार्च, 2026 को ही खुलेंगे। पंजाब और दिल्ली में स्कूल क्रमशः 14 और 15 जनवरी को फिर से खुलेंगे। हरियाणा में 16 जनवरी से क्लासेस फिर से शुरू होंगी। जबकि नोएडा में 11 जनवरी को कक्षाएं फिर से शुरू होंगी।
हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में मंगलवार को कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी रही। हरियाणा का नारनौल तीन डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। पंजाब में बठिंडा और फरीदकोट भी भीषण ठंड की चपेट में रहे, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
IMD के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री, लुधियाना में आठ डिग्री, पटियाला में सात डिग्री, जबकि गुरदासपुर में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार भीषण ठंड की चपेट में रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अंबाला में 9.2 डिग्री, रोहतक में 7.6 डिग्री, भिवानी में 4.8 डिग्री और करनाल में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को चंडीगढ़ में दिन में भीषण ठंड रही और अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम था। पिछले कुछ दिनों के दौरान हरियाणा और पंजाब के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में भारी गिरावट देखी गई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।