यूपी चुनाव से पहले मायावती के दरवाजे से बैरंग लौटे कांग्रेस नेता, BSP प्रमुख ने नहीं दिया भाव! क्या है इसके मायने?

BSP-Congress News: मायावती के आवास पहुंचे नेताओं में कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम और विभाग की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद तनुज पुनिया शामिल थे। इस दौरे के बारे में पुनिया ने बुधवार (20 मई) को कहा कि यह दौरा सद्भावना भेंट के तौर पर था

अपडेटेड May 20, 2026 पर 5:43 PM
Story continues below Advertisement
BSP-Congress News: कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मायावती से मुलाकात नहीं कर सका

BSP-Congress News: 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती के लखनऊ स्थित आवास पर मंगलवार (20 मई) शाम कांग्रेस के कई नेताओं का बिना तय कार्यक्रम और बिना आधिकारिक अनुमति के पहुंचना विवाद का कारण बन गया है। कांग्रेस नेतृत्व के लिए और अधिक असहज स्थिति इस वजह से बनी कि यह दौरा पार्टी नेता राहुल गांधी की रायबरेली यात्रा के दौरान हुआ। लेकिन प्रतिनिधिमंडल मायावती से मुलाकात नहीं कर सका। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ, जब कुछ घंटे पहले ही समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव ने संकेत दिया था कि उनकी पार्टी का कांग्रेस के साथ गठबंधन 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगा।

मायावती के आवास पहुंचे नेताओं में कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम और विभाग की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद तनुज पुनिया शामिल थे। इस दौरे के बारे में पुनिया ने पीटीआई से बुधवार को कहा कि यह दौरा सद्भावना भेंट के तौर पर था। उन्होंने कहा, "मंगलवार शाम लखनऊ में राजेंद्र पाल जी के नेतृत्व में पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग की बैठक हुई थी। हमारा पार्टी कार्यालय बसपा प्रमुख के आवास के पास ही है। बैठक के बाद जब हम मायावती के घर के सामने से गुजर रहे थे, तो हमने सोचा कि उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर ली जाए। वह भी हमारे ही समाज से आती हैं और वरिष्ठ नेता हैं।"

हालांकि, पुनिया ने स्वीकार किया कि प्रतिनिधिमंडल मायावती से मुलाकात नहीं कर सका। उन्होंने उन खबरों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि दलित नेता राहुल गांधी का कोई संदेश लेकर मायावती के पास पहुंचे थे। पुनिया ने फोन पर कहा, "यह सही नहीं है। मैं अभी राहुल जी के कार्यक्रम में रायबरेली में ही हूं।" कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि पार्टी ने इस मामले का संज्ञान लिया है।


उन्होंने आगे कहा, "यह पार्टी का अधिकृत प्रतिनिधिमंडल नहीं था। पार्टी ने मामले को गंभीरता से लिया है और वहां जाने वाले नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।" पांडे ने यह भी कहा कि कांग्रेस मायावती का बहुत सम्मान करती है। लेकिन उनके आवास पर गए नेता अपनी व्यक्तिगत हैसियत से गए थे, पार्टी की ओर से नहीं।

कांग्रेस नेतृत्व ने नहीं दी थी अनुमति?

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पार्टी ने इस दौरे की कोई अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने कहा, "इस तरह के कार्यक्रम पहले से तय होती हैं और शीर्ष नेतृत्व से मंजूरी मिलने के बाद ही होते हैं।" BSP की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि उन्हें कांग्रेस नेताओं के मायावती के आवास पहुंचने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि बहन जी से मिलने कौन गया था। मुझे ऐसे किसी दौरे की जानकारी नहीं है।"

अखिलेश ने कांग्रेस के साथ अलायंस का किया ऐलान

अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा था कि उनकी पार्टी का अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन भविष्य के चुनावों में भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव में ध्यान सीट पर नहीं, जीत पर रहेगा। एक अखबार के एक कार्यक्रम में सपा मुखिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी को गठबंधन का लंबा अनुभव है। उसने हमेशा अपने सहयोगियों को फायदा पहुंचाया है। उन्होंने कहा, "गठबंधन में सीट का सवाल नहीं होगा। लोकसभा चुनाव के दौरान भी मैंने कहा था कि मुद्दा सीट का नहीं, जीत का है। यही फार्मूला आगे भी काम करेगा।"

ये भी पढ़ें- Heat Wave Alert: इन राज्यों में भट्टी जैसी झुलस रही धरती! UP और MP में 'रेड अलर्ट', IMD वैज्ञानिक ने बताया अगले 7 दिन कैसा रहेगा वेदर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।