WEF Davos: 'अमेरिका की वजह से जिंदा है कनाडा'; दावोस में 'वर्ल्ड ऑर्डर' वाले कार्नी के बयान पर भड़के ट्रंप

WEF Davos: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के ऐतिहासिक भाषणों का जवाब देते हुए कहा कि कनाडा अमेरिका की वजह से जिंदा है। दावोस में कनाडाई पीएम ने चेतावनी दी थी कि अमेरिका के नेतृत्व वाला नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था टूट रही हैं

अपडेटेड Jan 21, 2026 पर 11:20 PM
WEF Davos: कनाडा के पीएम मार्क कार्नी ऐतिहासिक भाषण के बाद ट्रंप ने पलटवार किया है

Davos WEF 2026: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने बुधवार (21 जनवरी) को कहा कि कनाडा की सुरक्षा और अस्तित्व लंबे समय से अमेरिका पर निर्भर रहा है। ट्रंप ने दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में कार्नी की टिप्पणियों का जवाब देते हुए कहा, "कनाडा अमेरिका की वजह से जिंदा है।" दावोस में कनाडाई पीएम ने चेतावनी दी थी कि अमेरिका के नेतृत्व वाला नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था टूट रही है। ट्रंप ने कहा कि मार्क कार्नी को अगली बार ऐसे बयान देने से पहले यह बात याद रखनी चाहिए।

कनाडाई PM को चेतावनी देते हुए ट्रंप ने कहा, "कनाडा को हमसे बहुत सारी फ्री चीजें मिलती हैं। उन्हें भी शुक्रगुजार होना चाहिए। लेकिन वे नहीं हैं... कनाडा यूनाइटेड स्टेट्स की वजह से जिंदा है। मार्क कार्नी... अगली बार जब आप कोई बयान दें तो यह याद रखना।" ट्रंप की ये टिप्पणियां वाशिंगटन और ओटावा के बीच बढ़ते तनाव के बीच आई है। कार्नी ने स्विट्ज़रलैंड के दावोस में एक दिन पहले ही काफी हाई-प्रोफाइल भाषण दिया था।

मार्क कार्नी ने कहा, "हमें यह याद दिलाया जाता है कि हम महाशक्तियों की प्रतिस्पर्धा के युग में जी रहे हैं। नियमों पर आधारित व्यवस्था कमजोर पड़ रही है। शक्तिशाली देश वही करते हैं जो कर सकते हैं और कमजोरों को सहना पड़ रहा है।" उन्होंने तर्क दिया था कि अमेरिकी नेतृत्व पर आधारित पुरानी वैश्विक व्यवस्था खत्म हो रही है। उन्होंने कहा था कि कनाडा जैसी मध्यम शक्तियां अब सुरक्षा के लिए नियमों के पालन या खुशामद पर निर्भर नहीं रह सकतीं।


ट्रंप कनाडा को संभावित 51वां अमेरिकी राज्य बता चुके हैं। उन्होंने बार-बार तर्क दिया है कि अमेरिका नाटो और महाद्वीपीय सुरक्षा व्यवस्था सहित उत्तरी अमेरिकी रक्षा की रीढ़ है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में बोलते हुए, कार्नी ने चेतावनी दी कि दुनिया अब धीरे-धीरे बदलाव से नहीं गुजर रही है। बल्कि वैश्विक स्तर पर शक्ति का इस्तेमाल कैसे किया जाता है, इसमें एक मौलिक बदलाव हो रहा है।

डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि वह रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए एक समझौते के काफी करीब हैं। हालांकि उन्हें पहले ऐसा लगा था कि वह कुछ ही घंटों में इसे कर लेंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि यदि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की इसे अभी समाप्त नहीं करते हैं तो वे मूर्ख होंगे, और वह जानते हैं कि वे मूर्ख नहीं हैं।

पीएम मोदी को बताया 'मित्र'

ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वह अपने मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि वह एक अच्छा व्यापार समझौता करने जा रहे हैं। 'मनीकंट्रोल' के एक सवाल पर ट्रंप ने कहा, "मेरे मन में आपके प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) के लिए बहुत सम्मान है। वह एक शानदार व्यक्ति हैं। मेरे मित्र भी हैं। हम एक अच्छा (ट्रेड) डील करने जा रहे हैं।" खबर में कहा गया है कि उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में यह टिप्पणी की। ट्रंप विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए दावोस में थे।

ये भी पढ़ें- Trump on Trade Deal: ट्रंप ने भारत से ट्रेड डील पर कही बड़ी बात, शेयर बाजार में दिख सकती है हलचल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।