India-France Deal: 'एयरोस्पेस हब बनेगा भारत...', PM मोदी और मैक्रों की मुलाकात में हुए 20 से ज्यादा महा-समझौते

India-France Deal: कर्नाटक में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और एयरबस की साझेदारी वाले प्लांट में H125 हेलिकॉप्टर बनाए जाएंगे। यह भारत के इतिहास में पहली बार होगा कि कोई प्राइवेट कंपनी घरेलू स्तर पर हेलिकॉप्टर की पूरी असेंबली लाइन संभालेगी

अपडेटेड Feb 17, 2026 पर 7:25 PM
Story continues below Advertisement
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, भारत के दौरे पर हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, भारत के दौरे पर हैं। वहीं मंगलवार को उन्होंने मुंबई में पीएम मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मुंबई में कई समझौतों का ऐलान किया। इसके बाद दोनों देशों ने रक्षा, स्किल डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी सहयोग, व्यापार और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में 20 से अधिक समझौतों और फैसलों की घोषणा की। दोनों नेताओं ने मिलकर टाटा-एयरबस की H-125 हेलिकॉप्टरों असेंबली लाइन का ऑनलाइन उद्घाटन किया। मुंबई में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर भारत में ऐसे हेलिकॉप्टर का निर्माण करेंगे, जो माउंट एवरेस्ट जैसी ऊंचाइयों तक उड़ान भरेगा।

कर्नाटक में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और एयरबस की साझेदारी वाले प्लांट में H125 हेलिकॉप्टर बनाए जाएंगे। यह भारत के इतिहास में पहली बार होगा कि कोई प्राइवेट कंपनी घरेलू स्तर पर हेलिकॉप्टर की पूरी असेंबली लाइन संभालेगी।

फ्रांस को बताया स्ट्रैटेजिक पार्टनर


पीएम मोदी ने फ्रांस को भारत का स्पेशल पार्टनर बताया और कहा कि दोनों देशों ने अपने रिश्तों को ‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ लेवल तक अपग्रेड करने का फैसला किया है। बता दें कि फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों तीन दिन के भारत दौरे पर हैं। वे नई दिल्ली में होने वाले AI समिट 2026 में भाग लेने और भारतीय नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय बातचीत करने आए हैं। वहीं पीएम मोदी के साथ बैठक में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और अहम तकनीकों में सहयोग बढ़ाने पर खास ध्यान दिया गया। दोनों नेताओं ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। मुंबई में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज दुनिया अनिश्चित हालात से गुजर रही है। ऐसे समय में भारत-फ्रांस की साझेदारी वैश्विक स्थिरता के लिए एक मजबूत ताकत है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस को भारत के सबसे पुराने और भरोसेमंद रणनीतिक साझेदारों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मिलकर दोनों देशों ने अपने रिश्तों को नई गहराई और नई ऊर्जा दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इसी भरोसे और साझा सोच के आधार पर हम अपने संबंधों को एक खास वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं।” उन्होंने इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन की शुरुआत की घोषणा भी की। पीएम ने इसे दोनों देशों की साझेदारी को आम लोगों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा, “इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन के जरिए हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को लोगों की साझेदारी में बदल रहे हैं। क्योंकि नवाचार अकेले नहीं, बल्कि मिलकर काम करने से आगे बढ़ता है।”

वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच द्विपक्षीय संबंध सच में खास और अनोखे हैं। यह रिश्ता भरोसे, खुलेपन और महत्वाकांक्षा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि आज हमने दोनों देशों की इस साझेदारी को एक नए स्तर पर ले जाने का फैसला किया है। अब इसे ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दिया जाएगा।

सांस्कृतिक संबंधों पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत जल्द ही फ्रांस में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र खोलेगा। इसके अलावा, लोथल में नेशनल मैरीटाइम हेरिटेज कॉम्प्लेक्स जैसे प्रोजेक्ट्स पर भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि ये पहल भारत-फ्रांस साझेदारी में एक नया अध्याय जोड़ेंगी और वैश्विक स्थिरता व समृद्धि को मजबूत करेंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।