ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान की झूठी कहानी को विदेशों में बेनकाब करके मल्टीपार्टी डेलिगेशन का पहला ग्रुप आज भारत लौट आया है। बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में चार देशों की यात्रा करके ये डेलिगेशन लौट आया है। इस डेलिगेशन ने कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन और अल्जीरिया की अपनी यात्रा पूरी की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ऑपरेशन सिंदूर पर अपनी बात इन देशों के सामने रखी। इसके बाद आज ही ये प्रतिनिधिमंडल भारत लौटा। सभी चार देशों में भारत की बात को महत्व दिया गया लेकिन विशेष रूप से अल्जीरिया ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के जीरो टॉलरेंस के रुख का समर्थन किया।
9 या 10 जून को डेलिगेशन सदस्यों से हो सकती है प्रधानमंत्री की मुलाकात
बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व वाला सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल विदेशमंत्री जयशंकर को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। प्रधानमंत्री मोदी भी 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत विदेश दौरा करने वाले प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों से मिलेंगे। सभी 7 ग्रुप के लौटने पर PM मोदी इनसे मुलाकात कर सकते हैं। डेलिगेशन ने दुनिया में पाकिस्तान के झूठ को बेनकाब किया है। इन सदस्यों से 9 या 10 जून को प्रधानमंत्री की मुलाकात हो सकती है।
जब बात देश और इंडिया की आती है तो हम एक होते हैं- कनिमोझी
वहीं डेलिगेशन की सदस्य और DMK सांसद एम के कनिमोझी ने इस अभियान को काफी सफल बताया। उन्होंने कहा कि डेलिगेशन सफलतापूर्वक आतंकवाद पर पाकिस्तान को बेनकाब कर पाया है। हमने पूरी दुनिया के सामने पाकिस्तान को बेनकाब किया। इस यात्रा के दौरान हमने भारत और प्रधानमंत्री के मैसेज को दुनिया के सामने रखा।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत अपने पड़ोसी देश पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से परेशान है। उन्होंने कहा कि देश में भले ही हम अलग-अलग बातें करते हों लेकिन जब बात देश और इंडिया की आती है तो हम एक होते हैं और इस कमिटमेंट को डेलिगेशन ने बहुत अच्छे से दुनिया को दिखाया। डेलीगेशन विदेशों में भारत का परचम फहराया। डेलिगेशन ने बताया कि भारत अब आतंक बर्दाश्त नहीं करेगा।