Delhi Pollution: दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, फिर भी प्रदूषण से राहत नहीं, जानें किन इलाकों की हवा सबसे खराब

Delhi AQI: दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में थोड़ी गिरावट आई है और AQI 265 से घटकर 236 पर पहुंच गया है। लेकिन, इसके बावजूद रविवार सुबह तक राजधानी की हवा खराब श्रेणी में बनी रही और लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिली

अपडेटेड Nov 22, 2026 पर 11:26 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिल्ली के कुछ इलाकों में हवा की स्थिति बाकी जगहों के मुकाबले बेहतर दर्ज की गई

देश की राजधानी दिल्ली की हवा में थोड़ा सुधार हुआ है। लेकिन अभी भी लोगों के प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 265 से घटकर 236 पर आ गया है। इसके बावजूद रविवार सुबह 7 बजे तक हवा की स्थिति खराब बनी हुई थी। इससे पहले शनिवार शाम 4 बजे जारी रिपोर्ट में दिल्ली का औसत AQI 265 दर्ज किया गया था। ये आंकड़ा शहर के 59 में से 56 प्रदूषण निगरानी केंद्रों से मिले 24 घंटे के औसत पर आधारित था।

कहां पर है सबसे ज्यादा प्रदूषण

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में सबसे ज्यादा प्रदूषण चांदनी चौक में दर्ज किया गया, जहां AQI 304 रहा। यह स्तर हवा की बेहद खराब स्थिति को दिखाता है। इसके अलावा पंजाबी बाग में AQI 298, बवाना में 267, रोहिणी में 260, आनंद विहार में 251 और अशोक विहार में 244 दर्ज किया गया। वहीं, पटपड़गंज में 224, सोनिया विहार में 223, ओखला फेज-2 में 220 और नरेला में 210 AQI रहा। इन सभी इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है।


इन जगहों का हाल

दिल्ली के कुछ इलाकों में हवा की स्थिति बाकी जगहों के मुकाबले बेहतर दर्ज की गई। वसुंधरा एन्क्लेव में AQI 198, मंदिर मार्ग पर 199, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 146 और अलीपुर में 178 रहा। वहीं, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 दर्ज किया गया। इन इलाकों में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम रहा।

इस बार नवंबर में दिल्ली की हवा में हुआ सुधार

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 18 नवंबर को दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने राजधानी में प्रदूषण कम करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की। प्रेस रिलीज के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों की तुलना में इस बार नवंबर में दिल्ली की हवा की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदूषण फैलाने वाले सभी कारणों पर रोक लगाने के लिए सरकार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

AQI के आधार पर छह श्रेणियों में बांटा

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने हवा की गुणवत्ता को AQI के आधार पर छह श्रेणियों में बांटा है। 0 से 50 के बीच का AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक और 101 से 200 मध्यम माना जाता है। वहीं, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 के बीच का स्तर गंभीर श्रेणी में आता है।

राजस्थान में दिल दहला देने वाला हादसा, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे थे

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।